लातविया और जमैका में भारतीय उच्चायोग ने मनाया 'भारत पर्व', 'हर घर तिरंगा अभियान' की दिखी झलक
रिगा/किंग्स्टन, 13 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस और प्रतिष्ठित राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ की धूम और गूंज विदेशों में भी देखी-सुनी जा रही है। भारतीय दूतावास और उच्चायुक्त जोरों शोरों से विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों के जरिए लोगों को इस विशेष दिवस का एहसास करा रहे हैं। ऐसा ही कुछ लातविया और जमैका स्थित भारतीय उच्चायोग ने किया।
'हर घर तिरंगा’ अभियान का आयोजन किया गया। गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए दोनों देशों में भारतीय उच्चायोग में मनाए विभिन्न समारोह की झलक थी।
एक्स पर जमैका स्थित भारतीय उच्चायोग ने एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, "जमैका में भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों और भारत के मित्रों ने उच्चायोग परिसर में उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ तिरंगा फहराया और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन किया।"
कार्यक्रम के जरिए भारत की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विरासत का संदेश दिया गया। यह आयोजन ‘भारत पर्व’ यानी भारत की आजादी के उत्सव की श्रृंखला का हिस्सा रहा।
वहीं, लातविया की राजधानी रिगा में भी भावपूर्ण आयोजन चर्चा के केंद्र में रहा। 12 अगस्त को भारतीय दूतावास में भारतीय और लातवियाई बच्चों के लिए एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां नन्हीं सी श्रेया महापात्र ने अपने सुंदर ओडिसी नृत्य प्रदर्शन के जरिए लातविया के बच्चों को भारत की समृद्ध संस्कृति और शास्त्रीय नृत्य परंपरा से परिचित कराया।
ओडिसी प्रस्तुति ने भारतीय कला और संस्कृति की विविधता को सामने रखा तथा दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया। यहां मधुबनी पेंटिंग पर आधारित एक कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चे और बड़ों ने जोरों शोरों से हिस्सा लिया, फिर सभी बच्चों को तिरंगे के मान सम्मान और उससे जुड़े तथ्य समझाए गए। बच्चों ने फिर उच्चायोग के प्रांगण में देशभक्ति गीत गाकर समां बांध दिया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 Aug 2026 5:14 PM IST












