लिएंडर पेस ने भारत में ऑस्ट्रेलिया के राजदूत से की मुलाकात, फिलिप ग्रीन ने साझा की तस्वीर
नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत में ऑस्ट्रेलिया के राजदूत फिलिप ग्रीन ने दिग्गज भारतीय टेनिस खिलाड़ी रहे लिएंडर पेस से मुलाकात की। ग्रीन ने पेस के साथ अपनी मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की है।
फिलिप ग्रीन ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पेस के साथ कई तस्वीरें साझा की हैं और उनके साथ ऑस्ट्रेलिया में बिताए लम्हों को याद किया है।
ग्रीन ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "टेनिस के दिग्गज लिएंडर पेस के साथ ऑस्ट्रेलिया में बिताए सालों और अब हम इसे कहां ले जाते हैं, इस पर बहुत अच्छी बातचीत हुई। वह भारत-ऑस्ट्रेलिया खेलों के मिश्रण को लेकर बहुत महत्वाकांक्षी हैं। वह एक हिट के लिए हाई कमीशन की टेनिस कम्युनिटी में भी शामिल हुए।"
पेस फिलिप के साथ मुलाकात के लिए ऑस्ट्रेलिया उच्चायोग पहुंचे थे।
लिएंडर पेस भारत के सफलतम और सर्वाधिक लोकप्रिय टेनिस खिलाड़ी रहे हैं। पेस भारत के एकमात्र टेनिस खिलाड़ी हैं जिनके नाम टेनिस ओलंपिक पदक है। पेस ने 1996 में अटलांटा में खेले गए ओलंपिक में पुरुष एकल में कांस्य पदक जीता था।
लिएंडर पेस मिक्स डबल्स में ऑस्ट्रेलियन ओपन (2003, 2010, 2015) 3 बार, फ्रेंच ओपन (2016) एक बार, विंबलडन (1999, 2003, 2010, 2015) चार बार, और यूएस ओपन (2008, 2015) 2 बार जीता है। इसके अलावा, डबल्स में ऑस्ट्रेलियन ओपन (2012) एक बार, फ्रेंच ओपन (1999, 2001, 2009) तीन बार, और यूएस ओपन (2006, 2009, 2013) तीन बार जीता है।
पेस राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं। पश्चिम बंगाल में अप्रैल 2026 में विधानसभा चुनाव होने हैं। पेस इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के साथ है। पेस ने 31 मार्च को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली थी। भाजपा का सदस्य बनने के बाद पेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। पेस भाजपा का सदस्य बनने से पहले पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के सदस्य थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 April 2026 2:47 PM IST












