लोहिया संस्थान को मिली नई ताकत, राज्यपाल ने पीआरए भवन का किया शिलान्यास
लखनऊ, 24 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में मरीजों के तीमारदारों के लिए ‘पेशेंट रिलेटिव अकोमोडेशन (पीआरए)’ भवन का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया और संस्थान के रेडियोलॉजी डायग्नॉस्टिक ब्लॉक में अत्याधुनिक सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड एवं एक्स-रे सुविधाओं का लोकार्पण किया।
उन्होंने नई व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की। राज्यपाल ने कहा कि पीआरए भवन दूर-दराज से आने वाले मरीजों के परिजनों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि भवन के उपयोग के लिए स्पष्ट एवं पारदर्शी नियम बनाए जाएं, ताकि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को प्राथमिकता मिल सके।
आनंदीबेन पटेल ने स्वच्छता पर विशेष बल देते हुए कहा कि कक्षों को उपयोग के बाद उसी स्वच्छ स्थिति में छोड़ा जाए, जैसी अवस्था में वे प्राप्त हुए थे। उन्होंने अस्पताल परिसर में बाहरी खाद्य पदार्थों के अनियंत्रित प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने और निर्धारित आहार व्यवस्था के कड़ाई से पालन के निर्देश भी दिए। उनका कहना है कि स्वच्छता, अनुशासन और नियमों के पालन से मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहायता मिलेगी।
राज्यपाल ने गर्भवती महिलाओं के समुचित मार्गदर्शन के लिए संस्थान में ‘गर्भ संस्कार’ केंद्र स्थापित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान मातृ आहार, व्यवहार और परिवेश का सीधा प्रभाव गर्भस्थ शिशु पर पड़ता है, इसलिए संतुलित आहार और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने होली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए रासायनिक रंगों के दुष्प्रभावों से सावधान रहने और प्राकृतिक रंगों के प्रयोग का आह्वान किया।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सीएम सिंह ने राज्यपाल को जन भवन गौशाला के लिए गुड़ भेंट किया। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पीआरए भवन का शिलान्यास और अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर का लोकार्पण प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि लोहिया संस्थान ने चिकित्सा, शोध और रोगी सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर प्रदेश ही नहीं, देश में भी विशिष्ट पहचान बनाई हैं। उन्होंने संस्थान के चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और कर्मचारियों को उनके समर्पण और उत्कृष्ट सेवा के लिए बधाई दी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 Feb 2026 5:01 PM IST












