लॉर्ड्स टेस्ट मंधाना का अर्धशतक, लंच तक भारत ने 3 विकेट पर 122 रन बनाए
लॉर्ड्स, 10 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय महिला और इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीमों के बीच लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान में टेस्ट मैच खेला जा रहा है। लॉर्ड्स पहली बार महिला टेस्ट की मेजबानी कर रहा है, इसलिए भी ये टेस्ट यादगार है। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।
भारतीय क्रिकेट टीम ने लंच तक (25 ओवर) 3 विकेट के नुकसान पर 122 रन बना लिए हैं।
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। स्मृति मंधाना के साथ पारी की शुरुआत करने आईं शेफाली वर्मा बिना खाता खोले आउट हो गईं। उस समय टीम का स्कोर 4 रन था। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आई यास्तिका भाटिया भी 37 के स्कोर पर आउट हो गईं। यास्तिका ने 12 रन बनाए। जेमिमा रोड्रिग्स और मंधाना ने तीसरे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी की। रोड्रिग्स 38 गेंदों पर 35 रन बनाकर आउट हुईं।
लंच के समय मंधाना 67 गेंदों पर 1 छक्का और 9 चौकों की मदद से 56 और कप्तान हरमनप्रीत कौर 25 गेंदों पर 14 रन बनाकर खेल रही हैं। दोनों के बीच 21 रन की साझेदारी हो चुकी है।
इंग्लैंड के लिए लॉरेन बेल, लॉरेन फिलर और इजी वांग ने 1-1 विकेट लिए हैं।
भारतीय टीम की तरफ से स्पिनर श्री चरणी ने इस टेस्ट मैच से अपने करियर का आगाज किया है। वहीं, इंग्लैंड की दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट का ये आखिरी टेस्ट है।
भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यस्तिका भाटिया, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, सयाली सतघरे, श्री चरणी, क्रांति गौड़
इंग्लैंड प्लेइंग इलेवन: टैमी ब्यूमोंट, माइया बाउचियर, हीथर नाइट, नेट साइवर-ब्रंट (कप्तान), एलिस कैप्सी, एमी जोन्स (विकेटकीपर), मैडी विलियर्स, सोफी एक्लेस्टोन, इस्सी वोंग, लॉरेन बेल, लॉरेन फाइलर।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 July 2026 6:38 PM IST












