एलपीजी के दाम बढ़ने पर विपक्ष ने केंद्र को घेरा, कहा- सरकार जनता को कर रही गुमराह
नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। देश में लगातार एलपीजी की कमी को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर निशाना साधा रहा है। विपक्ष ने सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्या का समाधान करने के बजाय लोगों को गुमराह कर रही है।
सपा के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा, "सरकार बोल रही है न गैस की कमी है न ही पेट्रोल-डीजल की कमी है। अगर सरकार के लोग जनता के बीच में जाए तो उनको पता चले क्या कम है और क्या ज्यादा है। इनको सिर्फ हवा में बात करने की आदत हो गई है, जो देश के लिए सही नहीं है। देश में होटल और पेट्रोल पंप बंद हो गए हैं, ये सरकार को नहीं दिख रहा है।"
उन्होंने कहा कि दिल्ली में तो लोग कोयला जलाने के लिए अनुमति ले रहे है, इससे बेकार दिन देश में कभी नहीं आया था। इसके बाद भी सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है, जिससे देश की जनता की समस्याओं का समाधान हो सके। लोग अब पलायन करने लगे है, देश का हाल बहुत खराब होता जा रहा है।
राम गोपाल यादव ने कहा, "ये सरकार जितने भी बिल लाएगी वो देश की जनता के खिलाफ होंगे। आज तक जितने भी बिल आए, कुछ पूंजीपतियों के पक्ष में और कुछ चुनिंदा लोगों के पक्ष में थे। जनता के लिए एक भी बिल आज तक नहीं आया। आज गृह मंत्री सीएपीएफ रेगुलेशन बिल पर जवाब देंगे।"
सपा सांसद राजीव राय ने कहा, "जब अंतरराष्ट्रीय मार्केट में न्यूनतम स्तर पर पेट्रोलियम उत्पाद चला गया था, तो उस समय सरकार मलाई खा गई और एक्साइज ड्यूटी बढ़ा दी। ये तो आपदा में अवसर ढूंढने वाली सरकार है। आपदा आई है, तो इसका इस्तेमाल वे अवसर की तरह करेंगे।"
कांग्रेस सांसद रजनी पाटिल ने कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी पर कहा, "कमर्शियल सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी से पहले घरेलू सिलेंडर के दामों में भी बढ़ोतरी हुई थी। हमारे नेता राहुल गांधी पहले दिन से कह रहे हैं कि बहुत बड़ा भूचाल आने वाला है। हमारे घरों तक ये प्रभाव जाता है। इसके लिए सरकार को कुछ करना चाहिए।"
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, "घरेलू दाम तो केवल एक घर को प्रभावित करते हैं, लेकिन ये कमर्शियल दाम पूरे समाज को प्रभावित करते हैं। दिहाड़ी कमाने वाला व्यक्ति, रोज कमाने-खाने वाला व्यक्ति इससे प्रभावित होता है... ठेले लगाने वालों ने भी दाम बढ़ा दिए हैं। अभी इस वर्ष में तीन ही महीने बीते हैं, 9 महीने बाकी हैं। ये सरकार कितनी लूट करेगी?"
कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा, "ये बहुत बड़ी बढ़ोतरी की गई है। इससे सारे छात्रों पर फर्क पड़ेगा। छोटे उद्योगों पर फर्क पड़ेगा। हर सामान महंगा हो जाएगा और जनता को बहुत तकलीफों का सामना करना पड़ेगा।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 April 2026 12:32 PM IST












