मथुरा मांट पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार

मथुरा  मांट पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार
मथुरा के थाना मांट क्षेत्र में पुलिस ने महिला सुरक्षा और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। सोमवार देर रात सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, वहीं उसके दूसरे साथी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

मथुरा, 17 मार्च (आईएएनएस)। मथुरा के थाना मांट क्षेत्र में पुलिस ने महिला सुरक्षा और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। सोमवार देर रात सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, वहीं उसके दूसरे साथी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजकुमार (24) और दुर्गेश (20) के रूप में हुई है, जो ग्राम बेगमपुर के निवासी हैं। इन दोनों पर बीते 14 मार्च को यमुना नदी के पेंटून पुल के पास एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप है। वारदात के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।।

16 मार्च की रात करीब 10:05 बजे, मुखबिर की सटीक सूचना पर मांट पुलिस टीम ने अर्रुआ खादर क्षेत्र में घेराबंदी की। राधारानी अंडरपास से डागोली की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर स्थित एक प्लॉट के पास पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की। खुद को घिरा देख अभियुक्त राजकुमार ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त राजकुमार के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसे और उसके साथी दुर्गेश को दबोच लिया। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी मांट भेजा गया है।

पुलिस ने अभियुक्त राजकुमार के कब्जे से 1 अवैध तमंचा (.315 बोर), 1 जिंदा कारतूस और 2 खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

गिरफ्तार अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। राजकुमार के विरुद्ध थाना मांट में पूर्व से ही पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और अन्य आपराधिक गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

सीओ संदीप सिंह ने बताया कि थाना मांट के बेगमपुर के जंगलों में एक महिला के साथ दुराचार की घटना घटित हुई थी, जिसके संबंध में तत्काल थाना मांट पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी राजकुमार और दुर्गेश की तलाश शुरू कर दी गई थी। इसी क्रम में मुखबिर के द्वारा प्राप्त सूचना पर मांट पुलिस आरोपियों को पकड़ने पहुंची तो आरोपियों ने उनपर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी राजकुमार के पैर में गोली लग गई, जिसे इलाज हेतु अस्पताल रवाना कर दिया गया है। वहीं उसके साथी दुर्गेश को भी गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 March 2026 7:58 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story