'मेड इन कोरिया' की रिलीज डेट से उठा पर्दा, इस दिन दिखेगा प्रियंका मोहन की 'शेनबा' का सफर

मेड इन कोरिया की रिलीज डेट से उठा पर्दा, इस दिन दिखेगा प्रियंका मोहन की शेनबा का सफर
दक्षिण भारत की नई फिल्मों में पिछले कुछ सालों में अलग-अलग तरह की कहानियों और नए जॉनर ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। ऐसी ही एक फिल्म 'मेड इन कोरिया' है, जो छोटे शहर की लड़की के सपनों, हौसले और आत्म-खोज की कहानी पेश करती है। अब इस फिल्म की रिलीज डेट सामने आ चुकी है।

मुंबई, 24 फरवरी (आईएएनएस)। दक्षिण भारत की नई फिल्मों में पिछले कुछ सालों में अलग-अलग तरह की कहानियों और नए जॉनर ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। ऐसी ही एक फिल्म 'मेड इन कोरिया' है, जो छोटे शहर की लड़की के सपनों, हौसले और आत्म-खोज की कहानी पेश करती है। अब इस फिल्म की रिलीज डेट सामने आ चुकी है।

फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता इसलिए भी बढ़ रही है क्योंकि यह ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर सीधे रिलीज होने वाली है। निर्देशक रा. कार्तिक ने इसे कॉमेडी‑ड्रामा के रूप में पेश किया है।

फिल्म की कहानी शेनबागम नाम की लड़की की है, जिसे प्यार से शेनबा कहा जाता है। शेनबा तमिलनाडु के एक छोटे शहर में रहती है और उसका सपना है कि वह कभी दक्षिण कोरिया घूमने जाए।

बचपन से ही कोरियाई संस्कृति और वहां की जिंदगी उसे बहुत आकर्षित करती रही है। कहानी में दिखाया गया है कि किस तरह उसका जीवन इस सपने के चलते बदलता है।

जब शेनबा को अचानक सोल जाने का मौका मिलता है, तो उसे एहसास होता है कि वास्तविक जीवन उसकी कल्पना से कहीं ज्यादा चुनौतीपूर्ण है। वहां की नई संस्कृति, नए लोग और अलग परिस्थितियां उसे कई बार मुश्किलों में डाल देती हैं। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे शेनबा इन परिस्थितियों का सामना करती है और खुद को खोजती है। यह कहानी हौसले, आत्म-खोज और नए अनुभवों के जरिए दर्शकों को सीख देती है।

फिल्म का निर्माण राइज ईस्ट एंटरटेनमेंट ने किया है। इसे रा. कार्तिक ने लिखा और निर्देशित किया है। उन्होंने बताया, ''मैंने यह कहानी इसलिए बनाई क्योंकि मुझे तमिल और कोरियाई संस्कृति के बीच गहरे जुड़ाव और समानताओं के बारे में हमेशा से उत्सुकता रही है। फिल्म उम्मीद और व्यक्तिगत अनुभवों से भरी हुई है और दर्शकों को दोनों संस्कृतियों के बीच की खूबसूरती दिखाती है।''

फिल्म में मुख्य भूमिका में प्रियंका मोहन हैं, जिन्होंने शेनबा के भावनात्मक सफर को संवेदनशीलता के साथ पर्दे पर उतारा है। इसके अलावा फिल्म में साउथ कोरियन एक्टर पार्क हये-जिन और नो हो-जिन भी हैं।

'मेड इन कोरिया' फिल्म 12 मार्च से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होना शुरू होगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 Feb 2026 5:03 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story