मध्य प्रदेश बुरहानपुर के बाजारों में बढ़ी रौनक, खास मुखौटे और पिचकारी की ज्यादा डिमांड
बुरहानपुर, 1 मार्च (आईएएनएस)। होली पर्व नजदीक आते ही शहर के बाजार रंग-बिरंगे सामानों से सज चुके हैं। गुलाल, पिचकारी, मुखौटे और सजावटी सामान से दुकानों पर रौनक दिखाई दे रही है। इस बार बाजार में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे वाले मुखौटे और 'मोदी पिचकारी' विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
दुकानदारों के अनुसार, मोदी थीम वाले उत्पादों की मांग काफी बढ़ गई है और कई दुकानों पर इनकी कमी भी देखी जा रही है। बच्चे और युवा इन उत्पादों को उत्साह के साथ खरीद रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि ग्राहकों की पसंद को देखते हुए इस तरह के थीम आधारित उत्पाद अधिक मंगवाए गए थे, लेकिन मांग अपेक्षा से ज्यादा रही।
इसके अलावा बाजार में भारत द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' से जुड़ी थीम वाले खिलौने और अन्य सामग्री भी बिक रहे हैं। कुल मिलाकर होली को लेकर बाजार में उत्साह का माहौल है और खरीदार जमकर खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदार दीपक रामचंदानी ने बताया कि मोदी जी का इतना क्रेज है कि हमारे पास सामान ही नहीं बचा है।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की थीम वाली पिचकारी आई थी, वो खत्म हो गई। उसके बाद 'मोदी पिचकारी' है। ये भी आखिरी पीस बची है। मुखौटे दो-तीन पीस बचे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का क्रेज दुनिया भर में है। हर देश में उनका डंका बज रहा है। इसी कारण सामानों की डिमांड इतनी है और बच्चों के बीच तो खूब क्रेज है।
ग्राहक प्रमोद उइके ने कहा कि हमने होली का त्योहार मनाने के लिए 'ऑपरेशन' सिंदूर की थीम वाली पिचकारी खरीदी है। इस थीम वाली पिचकारी हमें इसलिए अच्छी लगी, क्योंकि कुछ महीने पहले 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया गया था, तो हम लोगों को बहुत अच्छा लगा था। इसलिए हमने ये पिचकारी खरीदी है, और इसी से हम होली का पर्व मनाएंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 March 2026 4:35 PM IST












