हड़कंप: होटल का सोलर गीजर फटा, धमाके की आवाज से गूंज उठा पूरा परिसर, गुजर रही कार का फूटा कांच

होटल का सोलर गीजर फटा, धमाके की आवाज से गूंज उठा पूरा परिसर, गुजर रही कार का फूटा कांच
  • वर्धा रोड सोनेगांव स्थित होटल फिक्स में धमाका
  • पूरा परिसर गूंज उठा, गुजर रही कार का कांच फूटा

Nagpur News. वर्धा रोड सोनेगांव स्थित होटल फिक्स का सोलर गीजर फट गया। धमाके से छत का मलबा सड़क पर बिखर गया। वहां से गुजर रही एक कार का कांच भी फूट गया। कोई जीवित हानि नहीं हुई है, लेकिन धमाके की आवाज परिसर में गूंजने से कुछ समय के लिए दहशत व अफरा-तफरी का माहौल रहा। सोनेगांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची थी। समाचार लिखे जाने तक प्रकरण दर्ज नहीं किया गया था।

मलबे के ईंट से कार क्षतिग्रस्त

वर्धा रोड पर सोनेगांव में होटल फिक्स है। होटल के छत पर सोलर पैनल लगाया गया है। वहीं पर सोलर गीजर है, जिससे होटल के कमरों में गरम पानी की आपूर्ति होती है। शनिवार की सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे के दौरान अचानक सोलर पैनल से लगा सोलर गीजर धमाके के साथ फट गया। इससे छत व दीवार का मलबा सड़क पर जा गिरा। हादसे के वक्त होटल के सामने से गुजर रही एक कार पर मलबे की ईंट गिरने से वाहन का कांच फूट गया।

पैनल का कुछ हिस्सा उड़ा

धमाके से पैनल का कुछ हिस्सा उड़ गया था। होटल में ठहरे यात्रियों में भी हड़कंप मचा हुआ था। क्या हुआ किसी को कुछ समझ में नहीं आ रहा था। कई राहगीर मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।

Created On :   1 March 2026 7:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story