मध्य प्रदेश दुनिया छोड़ने के बाद भी तीन लोगों को दिया जीवनदान, मुख्यमंत्री ने की शिवानी के परिवार की प्रशंसा
भोपाल, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के नर्मदा पुरम जिले की बिलाश टांटी शर्मा (शिवानी) भले ही इस दुनिया से विदा हो गई हो, मगर वे तीन लोगों को अनमोल उपहार दे गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शिवानी शर्मा के परिवार की प्रशंसा करते हुए मानवता की इस पहल को नमन किया है।
मिली जानकारी के अनुसार सड़क दुर्घटना में ब्रेन डेड हुईं नर्मदापुरम जिले के बनखेड़ी के ग्राम खापा खुर्द निवासी बिलाश टांटी शर्मा (शिवानी) के परिजनों ने दुख की घड़ी में अंगदान का निर्णय लेकर मानवता, संवेदनशीलता और परोपकार की ऐसी मिसाल पेश की। इससे तीन लोगों की जिंदगी में खुशहाली आई है।
राज्य शासन के निर्णय अनुसार, शिवानी के पैतृक गांव में मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 'गार्ड ऑफ ऑनर' देकर उन्हें सम्मानित किया गया। शिवानी के अंगदान पर राज्य के मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि एक अत्यंत भावुक और विरल क्षण, जब एम्स भोपाल में अपने प्रियजन के अंगदान के माध्यम से कई जिंदगियों को नई उम्मीद देने वाले दानदाता परिवार को उनके पैतृक गांव में मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा 'गार्ड ऑफ ऑनर' देकर सम्मानित किया गया, जिस परिवार ने अपार दुख की घड़ी में भी दूसरों को जीवन देने का महान निर्णय लिया, उसके इस त्याग और मानवता के प्रति समर्पण को मिला यह सम्मान वास्तव में हृदय को भावविभोर कर देता है।
उन्होंने आगे कहा है कि अंगदान केवल अंगों का दान नहीं, बल्कि किसी के बुझते हुए संसार में आशा का दीप जलाना है। यह सम्मान उस महान भावना को सलाम है जो एक परिवार के दुख को अनेक परिवारों की खुशियों में बदल देती है। इस संवेदनशील पहल के लिए मध्य प्रदेश सरकार एवं मध्य प्रदेश पुलिस का हृदय की गहराइयों से आभार।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि आइए, हम सब मिलकर अंगदान के इस महाअभियान को आगे बढ़ाएं, ताकि हर जीवन को जीने का एक और अवसर मिल सके। यह पहल दर्शाती है कि अंगदान के प्रति जागरूकता अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी सकारात्मक बदलाव ला रही है और समाज में जीवन बचाने के इस पुनीत कार्य के प्रति संवेदनशीलता बढ़ रही है। उन्होंने आगे कहा कि शिवानी का यह महादान तीन परिवारों के जीवन में नई उम्मीद बनकर आया है। उनका योगदान मानवता के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 Oct 2026 1:26 PM IST












