मध्य प्रदेश में मूंग उत्पादक किसानों की पूरी उपज एमएसपी पर खरीदी जाए जीतू पटवारी

मध्य प्रदेश में मूंग उत्पादक किसानों की पूरी उपज एमएसपी पर खरीदी जाए जीतू पटवारी

भोपाल, 7 जुलाई (आईएएनएस) कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य के मूंग उत्पादक किसानों की पूरी उपज को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने की मांग की है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर प्रदेश के ग्रीष्मकालीन मूंग उत्पादक किसानों की संपूर्ण उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य पर शत-प्रतिशत उपार्जन सुनिश्चित करने तथा किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश देश का अग्रणी दलहन उत्पादक राज्य है।

प्रदेश के किसानों ने सरकार की नीतियों पर विश्वास करते हुए अधिक निवेश कर रिकॉर्ड मूंग उत्पादन किया, लेकिन आज वही किसान अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर हैं। हरदा सहित प्रदेश के अनेक जिलों में किसान विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं, क्योंकि सरकार उत्पादन बढ़ाने के लिए तो प्रोत्साहित करती है, लेकिन पूरी उपज खरीदने से पीछे हट रही है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी मूंग खरीदी में अव्यवस्था, सीमित उपार्जन, भुगतान में देरी और प्रशासनिक लापरवाही के कारण किसानों को आंदोलन करना पड़ा था। दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस वर्ष भी वही स्थिति दोहराई जा रही है।

पटवारी ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में वास्तविक उत्पादन की तुलना में खरीदी का लक्ष्य बेहद कम रखा गया है। यदि यही स्थिति रही तो हजारों किसानों को अपनी मेहनत की उपज समर्थन मूल्य से कम दाम पर निजी व्यापारियों को बेचने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार स्वयं दलहन उत्पादन बढ़ाने और आयात पर निर्भरता कम करने की बात करती है, तब किसानों की पूरी उपज की खरीदी सुनिश्चित न करना उनकी मेहनत और विश्वास के साथ अन्याय है।

पटवारी ने पत्र में किसानों के सामने आ रही प्रमुख समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि खरीदी का लक्ष्य वास्तविक उत्पादन से कम है, पंजीयन एवं स्लॉट आवंटन की प्रक्रिया में अव्यवस्थाएं हैं, खरीदी केंद्रों की संख्या और क्षमता अपर्याप्त है, गुणवत्ता परीक्षण के नाम पर किसानों को अनावश्यक रूप से लौटाया जा रहा है तथा भुगतान और खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 July 2026 7:28 PM IST

Tags

Next Story