मध्य प्रदेश में तीन दिन मनाया जाएगा जनजातीय गौरव दिवस सीएम मोहन यादव

भोपाल, 10 नवंबर (आईएएनएस) मध्य प्रदेश में जनजातीय वर्ग के गौरव बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि इस बार कार्यक्रम तीन दिन चलेंगे। वहीं, भाजपा संगठन 11 नवंबर से जनजातीय सप्ताह मनाने जा रहा है।
दरअसल, मध्य प्रदेश वह राज्य है, जहां जनजातीय वर्ग की आबादी सबसे ज्यादा है। यहां लगभग 21 प्रतिशत आबादी इस वर्ग की है। विधानसभा की 47 सीटें आरक्षित हैं, लेकिन 32 सीटें ऐसी हैं, जहां 50 हजार से ज्यादा मतदाता इस वर्ग के हैं। लिहाजा सभी राजनीतिक दलों की इस वर्ग पर नजर रहती है। भाजपा के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की।
सीएम मोहन यादव ने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस पर 3 दिन, 14 से 16 नवंबर तक अलग-अलग स्थान पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकारी स्तर पर होने वाले कार्यक्रम में पहला कार्यक्रम 14 नवंबर को रानी दुर्गावती के प्रभाव क्षेत्र वाले जबलपुर में होगा और उसके बाद धार और खंडवा में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जनजाति वर्ग के कल्याण के लिए संचालित योजना की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि इस वर्ग को सामाजिक और राजनीतिक तौर पर प्रतिनिधित्व देने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में जनजाति वर्ग के दो राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर और दुर्गा दास उईके हैं, वहीं राज्य सरकार में भी इस वर्ग का प्रतिनिधित्व है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि किसी भी समाज के जननायकों के जन्मदिन और बलिदान दिवस को मानना जरूरी है, क्योंकि उन्होंने समाज और देश के लिए काम किया है, इसलिए भाजपा सभी जननायकों के जन्मदिन और बलिदान दिवस पर उन्हें याद करती है।
सीएम मोहन यादव ने एक सवाल के जवाब में कहा कि जनजाति वर्ग के जल-जंगल-जमीन की भाजपा को चिंता है। यही कारण है कि निमाड़ मालवा में विशेष परियोजना जमीन पर उतारी गई है। जमीन के पट्टे दिए जा रहे हैं और मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना में रजिस्ट्री हो रही है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पार्टी द्वारा 11 से 18 नवंबर तक आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों का विवरण दिया और कहा कि इस मौके पर रैलियां भी निकाली जाएंगी, वहीं राज्य सरकार की मंत्री संपतिया उइके ने राज्य सरकार की योजनाओं की चर्चा की।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
