कांग्रेस ने पूछा सवाल: वायु प्रदूषण के मामले में विश्वगुरुक्यों बनता जा रहा है भारत, खरगे ने कहा - इस मुद्दे पर जवाब दें पीएम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिल्ली समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में वायु प्रदूषण के हालात को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर प्रदूषण के मुद्दे पर ठोस कदम न उठाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि पिछले 12 वर्षों में, प्रधानमंत्री ने वायु प्रदूषण के मुद्दे पर केवल जुबानी जमा-खर्च किया है। 8 मई 2019 को प्रधानमंत्री वायु प्रदूषण को एक "बड़ी चुनौती" बताया था, लेकिन उनकी सरकार ने इस दिशा में कुछ भी नहीं किया है।
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने मंगलवार को सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर पोस्ट कर सवाल किया कि आखिर भारत वायु प्रदूषण के मामले में ‘विश्वगुरु’ क्यों बनता जा रहा है? दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान तक, लोग साफ हवा के लिए तरस रहे हैं। क्या प्रधानमंत्री देश को 'हवा का हिसाब' देने की हिम्मत जुटा पाएंगे? खरगे ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 2023 में दिल्ली में हुई कुल मौतों में से लगभग 15 प्रतिशत (यानी 17,188 मौतें) वायु प्रदूषण के कारण होने का अनुमान है। 2021 में पूरे भारत में पांच साल से कम उम्र के 1,69,400 बच्चों की मौत वायु प्रदूषण से जुड़ी वजहों से हुई ।
शोध से यह भी पता चलता है कि पीएम 2.5 के संपर्क में आने से फेफड़ों का विकास प्रभावित होता है और बच्चों की मृत्यु का खतरा बढ़ जाता है, खासकर उत्तरी राज्यों में। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सितंबर 2026 के एक आरटीआई के जवाब के अनुसार, दिल्ली में पर्यावरण मुआवजे के रूप में जमा हुई राशि में से 1,154 करोड़, यानी लगभग 60 प्रतिशत खर्च ही नहीं किए गए। दिसंबर 2025 तक जारी किए गए 'नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम' फंड का दिल्ली ने केवल 17 प्रतिशत ही इस्तेमाल किया।
Created On :  
