एक्स पोस्ट: जयराम ने कहा - संसद का विशेष सत्र बुलाने के विकल्प पर विचार कर रहे शाह

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. कांग्रेस ने संसद के मॉनसून सत्र के सत्रावसान न होने को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। प्रमुख विपक्षी दल ने कहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री भाजपा को 2029 में दिख रही करारी हार से बचाने के लिए अब भी लोकसभा में बहुत ही कलंकित दो-तिहाई बहुमत के दम पर परिसीमन विधेयकों को पारित कराने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मंगलवार को सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि संसद का मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुए 82 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उसका सत्रावसान नहीं किया गया है। इसकी वजह यह है कि गृह मंत्री अब भी लोकसभा में बहुत ही कलंकित दो-तिहाई बहुमत के दम पर परिसीमन विधेयकों को पारित कराने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं। इन विधेयकों में क्या है, यह अब तक सामने नहीं आया है, लेकिन इनका मकसद साफ है कि किसी तरह से 2029 में भाजपा के सामने दिख रही करारी हार से बचाया जाए।
जयराम ने कहा कि खोखली बयानबाजी के माहिर गृह मंत्री कह रहे हैं कि वह वोट चोरी पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार हैं। पिछले साल जब पूरे विपक्ष ने एसआईआर पर चर्चा की मांग की थी, तब उन्होंने यह कहकर इनकार कर दिया था कि एसआईआर चुनाव आयोग के अधिकार क्षेत्र का मामला है। उन्होंने कहा कि अगर गृह मंत्री वोट चोरी पर विशेष सत्र बुलाने को लेकर गंभीर हैं, तो उन्हें अपने इशारे पर काम करने वाले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा सुनिश्चित करना चाहिए और एसआईआर की प्रक्रिया भी रोकनी चाहिए।
Created On :  
