सजा दिवाली का दरबार!: एक मंच पर कांग्रेस के दिग्गज, राहुल गांधी के घर दिवाली मिलन, सियासी रणनीति पर मंथन की खबर

एक मंच पर कांग्रेस के दिग्गज, राहुल गांधी के घर दिवाली मिलन, सियासी रणनीति पर मंथन की खबर
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास पर शुक्रवार को दिवाली के मौके पर मिलन कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें संगठन के कई प्रमुख नेता शामिल हुए।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास पर शुक्रवार को दिवाली के मौके पर मिलन कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें संगठन के कई प्रमुख नेता शामिल हुए। इसे सिर्फ एक सामान्य मिलन समारोह तक सीमित नहीं माना जा रहा है, बल्कि इस दौरान कांग्रेस के आगामी राजनीतिक रोडमैप की एक अहम नींव के तौर पर देखा जा रहा है। उम्मीद है कि इस दौरान 'वोट चोरी' के खिलाफ जारी अभियान को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई होगी।

कांग्रेस के ये पदाधिकारी हुए शामिल

इस मिलन समारोह में कांग्रेस कार्य समिति के सदस्यों, अलग-अलग राज्यों के प्रभारियों और पार्टी के अग्रिम संगठनों के प्रमुखों को आमंत्रित किया गया था। पार्टी महासचिव जयराम रमेश, सचिन पायलट, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

कर्नाटक के CM ने क्या कहा?

इस खुशी के मौके पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा, "सभी को दिवाली की शुभकामनाएं। वे चाहते हैं कि पार्टी के लिए काम करने वाले, पार्टी के साथ बने रहने वाले, पार्टी के प्रति वफादार रहने वाले और पार्टी के लिए निरंतर काम करने वाले सभी कार्यकर्ता मजबूत और बेहतर बनें। दिवाली का त्योहार बहुत ही शानदार तरीके से मनाया गया, जिसमें हम सबने मिलकर बहुत आनंद लिया। हम सभी के बीच हमेशा ऐसा ही प्यार, एकता और शांति बनी रहे।"

सचिन पायलट की प्रतिक्रिया

कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे राजस्थान के कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने सीईसी ज्ञानेश कुमार को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "दुर्भाग्य से ज्ञानेश कुमार के सभी काम अवैध और असंवैधानिक हैं। मुझे लगता है कि अब इस देश को यह समझने का समय आ गया है कि जिन लोगों को हमारे देश के लोकतांत्रिक कामकाज को बनाए रखने का दायित्व सौंपा गया था, उन्होंने हमें निराश किया है और राहुल गांधी ने कई बार इसके ठोस प्रमाण दिए हैं।"

कांग्रेस सांसद क्या बोले?

इस मौके पर कांग्रेस सांसद मुकुल वासनिक ने कहा, "सीनियर कांग्रेस सहयोगियों के साथ-साथ कुछ युवा यहां एकत्रित हुए हैं। दिवाली के इस मौके पर हम देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। हम कामना करते हैं कि पूरे भारत में लोगों का जीवन उजाले और समृद्धि से भर जाए, उनकी कठिनाइयां दूर हों, भाईचारा फले-फूले और प्रेम एवं स्नेह के बंधन और भी मजबूत हों।"

इनके अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा।

Created On :  

Tags

Next Story