'नमो यमुना रिवर सफारी' का शुभारंभ, प्रवेश वर्मा ने जेट-स्की का उठाया आनंद, कहा- 18 महीनों में आधी यमुना हुई साफ

नमो यमुना रिवर सफारी का शुभारंभ, प्रवेश वर्मा ने जेट-स्की का उठाया आनंद, कहा- 18 महीनों में आधी यमुना हुई साफ
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी में पहली क्रूज सेवा की शुरुआत हो गई है। 'नमो यमुना रिवर सफारी' नाम की सेवा का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में किया गया। इस मौके पर दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि सरकार के सत्ता में आते ही उसकी पहली प्राथमिकता यमुना रिवरफ्रंट को विकसित करना थी। यह तभी संभव हो सकता था, जब पूरी यमुना को साफ कर लिया जाए।

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी में पहली क्रूज सेवा की शुरुआत हो गई है। 'नमो यमुना रिवर सफारी' नाम की सेवा का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में किया गया। इस मौके पर दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि सरकार के सत्ता में आते ही उसकी पहली प्राथमिकता यमुना रिवरफ्रंट को विकसित करना थी। यह तभी संभव हो सकता था, जब पूरी यमुना को साफ कर लिया जाए।

प्रवेश वर्मा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "दिल्ली सरकार ने महज 18-19 महीनों में दिल्ली से होकर गुजरने वाली यमुना के 52 किलोमीटर लंबे हिस्से में से आधे हिस्से को साफ कर दिया है। इससे पहले, पल्ला और वजीराबाद के बीच नदी में गिरने वाले सभी छोटे नालों को टैप किया गया और उन्हें साफ करने का काम किया गया। दूसरे चरण में हम वजीराबाद से कालिंदी कुंज तक के हिस्से को साफ करेंगे, जिसमें लगभग 2 से 2.5 साल का समय लगेगा।"

प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "मां यमुना की पावन लहरों पर मंगलवार को दिल्ली ने विकास और पर्यटन के क्षेत्र में एक नया कदम बढ़ाया है। राजधानी में पहली क्रूज सेवा का शुभारंभ दिल्ली के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।"

उन्होंने बताया कि इस क्रूज सेवा के शुरू होने से अब दिल्लीवासी सोनिया विहार से जगतपुर तक 6 किलोमीटर की रोमांचक यात्रा का अनुभव कर सकेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए टर्मिनल पर पार्किंग, खानपान, पेयजल और बच्चों के मनोरंजन की व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

मंत्री ने कहा कि यह पहल न केवल दिल्ली के पर्यटन को नया आकर्षण देगी, बल्कि स्थानीय व्यापार को गति देने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में भी सहायक बनेगी। यमुना रिवरफ्रंट के विकसित होने से दिल्ली को एक नया पर्यटन स्थल मिलेगा और लोग यमुना से फिर से जुड़ सकेंगे।

इस अवसर पर दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर, सांसद मनोज तिवारी और दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और कपिल मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

एक अन्य पोस्ट में प्रवेश वर्मा ने लिखा, "आज मां यमुना की लहरों के बीच जेट स्की का आनंद लिया। मां यमुना की गोद में यह अनुभव सचमुच यादगार रहा।"

क्रूज सेवा के शुभारंभ के दौरान उन्होंने खुद जेट स्की की सवारी भी की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सरकार का कहना है कि यमुना की सफाई और रिवरफ्रंट विकास का काम चरणबद्ध तरीके से चल रहा है। पहले चरण में पल्ला से वजीराबाद तक का हिस्सा साफ किया गया है। अब दूसरे चरण में वजीराबाद से कालिंदी कुंज तक सफाई का काम किया जाएगा।

सरकार को उम्मीद है कि आने वाले समय में यमुना पूरी तरह साफ होगी और दिल्लीवासी इसके किनारे घूमने और पर्यटन का आनंद ले सकेंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story