मध्य प्रदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रिकॉर्ड कार्यकाल पर धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन
भोपाल, 10 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री का कीर्तिमान स्थापित करने पर बुधवार को मध्य प्रदेश के प्रमुख मंदिरों एवं सभी विधानसभाओं में धार्मिक आयोजन हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे कार्यकाल पर मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल के गुफा मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ कर सफल एवं यशस्वी भविष्य की मंगलकामनाएं कीं। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनसेवा, समर्पण और विश्वास के 12 वर्षों में नया इतिहास रचा है। प्रधानमंत्री ने भगवान श्री राम और हनुमान जी के आशीर्वाद से पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने नीलबड़ स्थित देवी व हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ कर अनाज से निर्मित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भव्य रंगोली का अवलोकन किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के 12 वर्ष गरीब कल्याण, विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा का स्वर्णिम काल है। जनकल्याणकारी कार्यों से लोगों का जीवन बदलने का कार्य किया जा रहा है। इन 12 वर्ष में भारत के विकास, सुशासन, गरीब कल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए अध्याय के रूप में दर्ज हुए हैं।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में स्थित श्री हनुमान मंदिर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल एवं मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री उदय प्रताप सिंह ने पूजा-अर्चना कर सुंदरकांड का पाठ किया। इसके साथ ही मंदसौर के पशुपतिनाथ मंदिर, इंदौर के श्री खजराना गणेश मंदिर, उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर, खण्डवा के श्री ओंकारेश्वर मंदिर, दतिया के मां पीतांबरा पीठ, ग्वालियर के श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर, धार के वाग्देवी मंदिर भोजशाला, सीहोर के सलकनपुर देवी मंदिर, मैहर के शारदा माता मंदिर एवं अमरकंटक में मां नर्मदा उद्गम स्थल में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता की। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य, यशस्वी भविष्य हेतु मध्यप्रदेश की सभी विधानसभाओं के प्रमुख मंदिरों-धार्मिक स्थलों में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता कर पूजा-पाठ, हवन कर मंगलकामनाएं की गईं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Jun 2026 12:16 AM IST












