महाराष्ट्र अटगांव के पास अर्टिगा कार का भीषण हादसा, चार लोगों की मौत, सात घायल
ठाणे, 16 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले से दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। यहां शहापुर तालुका के अटगांव के पास मुंबई-नासिक हाईवे पर अर्टिगा कार का भीषण हादसा हुआ है। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुए हैं। मृतकों में छोटे बच्चे भी शामिल हैं। ये सभी जोगेश्वरी के रहने वाले थे और त्र्यंबकेश्वर में दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद मुंबई लौटते समय यह हादसा हुआ।
मिली जानकारी के मुताबिक, अटगांव के पास करीब दो साल पहले जला हुआ एक ट्रक अब भी सड़क किनारे खड़ा था। मुंबई की दिशा में जा रही अर्टिगा कार ने इस ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह भीषण हादसा हुआ।
कार में कुल ग्यारह लोग सवार थे। हादसे में श्रीराम जैस्वाल, आयुष जैस्वाल, लाडो जैस्वाल और सुरज जैस्वाल की मौत हो गई। वहीं सुभी जैस्वाल, शिवम जैस्वाल, हाशिक जैस्वाल, सुनीता जैस्वाल, राधिका जैस्वाल, सतीश जैस्वाल और संतराम जैस्वाल घायल हुए हैं। घायलों का शहापुर उपजिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
त्र्यंबकेश्वर में दर्शन करने के बाद ये सभी मुंबई की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक कार का स्टीयरिंग लॉक हो गया और ब्रेक फेल होने के कारण चालक का कार से नियंत्रण छूट गया। इसके बाद कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई, ऐसी जानकारी चालक ने दी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 Sept 2026 6:36 PM IST












