महाराष्ट्र एफडीए की कार्रवाई, राज्यभर से 3.11 करोड़ रुपए का नकली सामान जब्त
पुणे, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। आमजन के स्वास्थ्य को मद्देनजर रखते हुए महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने बुधवार को एक विशेष निरीक्षण अभियान के तहत राज्यभर में सख्त कार्रवाई करते हुए पूरे राज्य में लगभग 3.11 करोड़ रुपए मूल्य का सामान जब्त किया है। इसमें 32,061 लीटर खाद्य तेल और 37,128 किलोग्राम अन्य खाद्य सामग्री शामिल है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के छत्रपति संभाजीनगर डिवीजन ने इस कार्रवाई में लगभग 33,940 किलोग्राम स्टॉक जब्त किया, जिसमें खाद्य तेल, सेव-फरसान, खोया, पेड़ा, कलाकंद, घी और बेकरी उत्पाद शामिल हैं। इसका मूल्य 87.52 लाख रुपए है।
नागपुर डिवीजन के खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने 1,078.40 लीटर खाद्य तेल और 49 किलोग्राम खोया जब्त किया, जिसका कुल मूल्य 2,00,771 रुपए है। कोंकण डिवीजन-भिवंडी के खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने 11,779 लीटर खाद्य तेल और 2,850 किलोग्राम चाय जब्त की। इसका मूल्य 1.27 करोड़ रुपए है।
एफडीए के पुणे डिवीजन ने बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त की, जिसमें 9,000 किलोग्राम पनीर, 440 किलोग्राम खोया और 9,888 लीटर खाद्य तेल शामिल है। एफडीए के अहिल्यानगर जिला, नासिक डिवीजन ने मिलावट के संदेह में 87 किलोग्राम भगर (एक प्रकार का मोटा अनाज) जब्त किया। इसका मूल्य 6,960 रुपए है।
एफडीए के कांदिवली पूर्व-पश्चिम क्षेत्र ने अपनी सख्त कार्रवाई में वेफर्स, फरसान, जलेबी और हलवा जब्त किए, जिनमें रंग मिलाए जाने का संदेह था। इनका मूल्य 25,195 रुपए है। एफडीए के जालना और मुंबई डिवीजन ने प्रतिबंधित पान मसाला और सुगंधित तंबाकू के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
एफडीए के जालना और मुंबई डिवीजन ने इस कार्रवाई में वाहनों सहित कुल 93.42 लाख रुपए मूल्य का सामान जब्त किया। एफडीए की ओर से की गई इस कार्रवाई में मुंबई में 4 खाद्य प्रतिष्ठानों (फूड एस्टेब्लिशमेंट) के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। इन पर अस्वच्छ स्थिति बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Oct 2026 9:10 PM IST











