महाराष्ट्र एफडीए की बड़ी कार्रवाई; बीड में 1.94 करोड़ का खाद्य तेल जब्त, 5 इकाइयों के लाइसेंस निलंबित
बीड, 9 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने 'सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र' अभियान के तहत बीड जिले में खाद्य तेल के कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई की है। 6 और 7 अगस्त 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न तेल री-पैकिंग और खुला तेल बेचने वाली इकाइयों पर छापेमारी कर करीब 1.94 करोड़ रुपए मूल्य का 1,19,187.5 किलोग्राम खाद्य तेल जब्त किया। साथ ही पांच प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके संचालन पर रोक लगा दी गई।
यह कार्रवाई एफडीए के संयुक्त आयुक्त श्रीकांत करकले और सहायक आयुक्त नितिन मोहिते के मार्गदर्शन और उपस्थिति में की गई।
एफडीए ने 6 अगस्त को बीड एमआईडीसी स्थित स्वागत ऑयल इंडस्ट्रीज पर छापा मारा। जांच में पाया गया कि एक ही टैंक में रखे गए सोयाबीन तेल को अलग-अलग श्रेणियों में 'रिफाइंड' और 'अल्ट्रा रिफाइंड' बताकर पैक किया जा रहा था। इसके अलावा बड़ी मात्रा में पुराने टिनों का दोबारा उपयोग, अस्वच्छ परिसर, प्रयोगशाला की अनुपस्थिति, गुणवत्ता प्रमाणपत्रों का अभाव तथा अन्य कई अनियमितताएं सामने आईं।
अधिकारियों ने यहां से 66,652.6 किलोग्राम खाद्य तेल, जिसकी कीमत 1,05,85,236 रुपए है, जब्त किया। साथ ही 10 नमूने जांच के लिए लिए गए। इस इकाई के लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर यूनिट को बंद कर दिया गया।
एमआईडीसी बीड स्थित चरखा ऑयल मिल में भी कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जांच के दौरान पामोलीन तेल की भ्रामक पैकेजिंग, पुराने टिनों का उपयोग, अस्वच्छ उत्पादन व्यवस्था और आवश्यक दस्तावेजों की कमी सामने आई।
एफडीए ने यहां से 45,995.7 किलोग्राम खाद्य तेल, जिसकी कीमत 78,22,050 रुपए है, जब्त किया। 11 नमूने जांच के लिए लिए गए और प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित कर इकाई को बंद कर दिया गया।
7 अगस्त को जय हनुमान ट्रेडर्स, वडवाणी में छापे के दौरान पुराने टिनों का उपयोग, अस्वच्छ वातावरण और रिकॉर्ड की कमी जैसी अनियमितताएं पाई गईं। यहां से 4,545.2 किलोग्राम खाद्य तेल जब्त किया गया, जिसकी कीमत 7,24,596 रुपए है। प्रतिष्ठान का लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।
इसी प्रकार जाह्नवी कमर्शियल्स, माजलगांव से 1,746 किलोग्राम खुला रिफाइंड सोयाबीन तेल जब्त किया गया, जिसकी कीमत 2,79,360 रुपए है। जांच में बिना लेबल वाले तेल का असुरक्षित भंडारण और अन्य गंभीर कमियां सामने आईं।
वहीं विनायक ऑयल इंडस्ट्रीज, माजलगांव से 248 किलोग्राम रिफाइंड सोयाबीन तेल जब्त किया गया, जिसकी कीमत 39,680 रुपए आंकी गई। यहां भी खुले तेल के असुरक्षित भंडारण और रिकॉर्ड की कमी जैसी अनियमितताएं पाई गईं।
एफडीए ने कहा कि जनस्वास्थ्य और उपभोक्ता सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी पांच प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। विभाग ने नागरिकों से केवल लाइसेंसधारी विक्रेताओं से खाद्य तेल खरीदने और पैकेट पर एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर, निर्माण व समाप्ति तिथि तथा उचित लेबलिंग की जांच करने की अपील की है।
एफडीए ने स्पष्ट किया कि राज्यभर में ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें और 'सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र' अभियान को प्रभावी बनाया जा सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Aug 2026 8:36 PM IST












