महाराष्ट्र के लातूर में कुरियर उतारते समय टेम्पो में धमाका, एक व्यक्ति घायल, जांच में जुटी पुलिस

पुणे, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के लातूर शहर में कुरियर का सामान उतारते समय एक टेम्पो में अचानक जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही लातूर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
आखिर टेम्पो में ऐसा क्या था, जिसके चलते अचानक धमाका हुआ? क्या कुरियर के किसी सामान में विस्फोट हुआ या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? फिलहाल, इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे। लातूर में हुए इस धमाके ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं।
अचानक हुए धमाके की एक दूसरी घटना गुरुवार को राजस्थान से सामने आई, जहां जैसलमेर जिले में मोहनगढ़ थाना क्षेत्र की नहरी पट्टी में एक खेत में हुए जोरदार धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया। विस्फोट की आवाज करीब दो से तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
धमाके में संदिग्ध बम के टुकड़े पास में खड़े एक ट्रैक्टर से भी टकरा गए। गनीमत रही कि खेत में काम कर रहा किसान सुरक्षित बच गया और इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, मोहनगढ़ के पास ही चांधन फील्ड फायरिंग रेंज स्थित है।
किसान द्वारकाराम ने बताया कि वह अपने ट्रैक्टर के साथ खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान उसे पता चला कि उसका मोबाइल फोन कहीं गिर गया है। वह मोबाइल तलाशने के लिए ट्रैक्टर से थोड़ी दूर चला गया, तभी अचानक जोरदार धमाका हो गया और देखते ही देखते पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया।
द्वारकाराम ने बताया कि धमाके के बाद उसके पिता तुलसीराम ने उसे तुरंत जमीन पर लेट जाने के लिए कहा, क्योंकि उन्हें आशंका थी कि कहीं दूसरा बम भी न गिर जाए। विस्फोट के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और सेना को भी जानकारी दी गई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
