महाराष्ट्र मुख्यमंत्री कार्यालय और आरएसएस मुख्यालय समेत कई जगहों को बम से उड़ाने की मिली धमकी
मुंबई, 10 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के तीन शहरों में बुधवार को कई प्रमुख स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इससे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां छानबीन में जुटी हैं।
बताया जा रहा है कि धमकी भरे ईमेल में मुंबई की मेयर, पुणे महापालिका, नागपुर की अहम जगहों और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। मिली जानकारी के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल में आईईडी के इस्तेमाल का जिक्र है और कथित हमलों के लिए कुछ तारीखों और समय का भी जिक्र किया गया है।
मुंबई की मेयर को मिले धमकी ईमेल में उनकी कार और केबिन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। एहतियात के तौर पर इमारत को खाली कराया गया। इसी ईमेल में मुख्यमंत्री कार्यालय, मेयर कार्यालय और बीएसई कार्यालय का भी जिक्र था। बीएसई कार्यालय में धमाके के साथ ईमेल में कहा गया है, "हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था को खत्म करना है।"
अधिकारियों ने बताया कि धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद नगर निगम, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। धमकी भरा ईमेल भेजने वाले का पता लगाने की कोशिश जारी है।
वहीं, नागपुर पुलिस को एक ईमेल आया, जिसमें संघ मुख्यालय और पुणे के महापालिका कार्यालय को उड़ाने की चेतावनी दी गई। संघ मुख्यालय को उड़ाने की चेतावनी देते हुए ईमेल में कहा गया, "आरएसएस जो आज भाजपा है, तब 1984 के 'ऑपरेशन ब्लूस्टार' का समर्थन किया था।"
यह ईमेल नागपुर पुलिस को सुबह करीब 10 बजे मिला, जिसके बाद नागपुर पुलिस के बीडीडीएस (बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड) टीम संघ मुख्यालय में 11 बजे पहुंची और तकरीबन दो घंटे तक छानबीन की। अधिकारियों ने बताया कि जांच में कुछ भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Jun 2026 1:42 PM IST












