महाराष्ट्र उपचुनाव राहुरी विधानसभा सीट से भाजपा ने अक्षय शिवाजीराव को बनाया उम्मीदवार
नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति ने महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा उपचुनाव-2026 के लिए एक सीट पर उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। अहिल्यानगर (पुराना नाम-अहमदनगर) जिले की राहुरी विधानसभा सीट से भाजपा ने अक्षय शिवाजीराव कर्डिले को उम्मीदवार बनाया है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र की बारामती और राहुरी विधानसभा पर होने वाले उपचुनाव के लिए 6 अप्रैल नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख है। 7 अप्रैल नामांकन पत्रों की जांच की आखिरी तारीख है। 9 अप्रैल को उम्मीदवारों द्वारा नाम वापस लेने की अंतिम तारीख है। वहीं, मतदान 23 अप्रैल और मतगणना 4 मई को होगी।
बता दें कि राहुरी विधानसभा सीट मुख्य रूप से ग्रामीण और कृषि प्रधान क्षेत्र है। यहां की राजनीति पर भी मराठा समुदाय का प्रभाव है। हालांकि माली, धनगर जैसे ओबीसी समुदायों के साथ दलित और मुस्लिम वोट भी चुनाव परिणामों को प्रभावित करते रहे हैं। 2019 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार प्राजक्त तनपुरे को जीत मिली थी। प्राजक्त को 1,09,234 वोट मिले थे जबकि भाजपा के उम्मीदवार शिवाजी कर्डीले को 85,908 वोट मिले थे। तनपुरे ने कर्डीले को 23,212 वोटों के अंतर से हराया था।
इसके बाद 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शिवाजी कर्डीले ने इस सीट पर फिर भाजपा की ओर से ताल ठोकी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार प्राजक्त तनपुरे को लगभग 14,000 से अधिक वोटों के अंतर से हराया था। अक्टूबर 2025 में दिल का दौरा पड़ने से शिवाजी का निधन हो गया था, जिसके बाद यह सीट भी रिक्त हो गई थी।
चुनाव आयोग के अनुसार, 6 राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। गोवा, कर्नाटक, नागालैंड, त्रिपुरा में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी। वहीं, गुजरात और महाराष्ट्र में 9 अप्रैल 2026 को वोटिंग होगी। आयोग ने राज्यों के प्रशासन को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सुरक्षा और चुनावी तैयारियों को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 April 2026 1:05 PM IST












