महिला की हत्या का खुलासा, पति के प्रेम संबंधों से नाराज पत्नी ने की थी हत्या, गिरफ्तार
नोएडा, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट के थाने फेस-2 की पुलिस ने ग्राम याकूबपुर में महिला की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए वांछित आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला की पहचान शीला कुमारी के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने अपने पति के मृतका मनीषा के साथ प्रेम संबंध होने के कारण ईर्ष्या में आकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से आरोपी महिला फरार थी।
पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से 14 अक्टूबर को उसे बीपीएल कट, सेक्टर-88 नोएडा से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, ग्राम याकूबपुर में 5 अक्टूबर को एक महिला का शव मिलने की सूचना पीआरवी कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना फेस-2 पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान मृतका की पहचान मनीषा, निवासी जनपद कासगंज के रूप में हुई।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट का अवलोकन किया गया और अन्य साक्ष्य एकत्र किए गए। इसके बाद पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी महिला की तलाश शुरू की। मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी शीला कुमारी ने बताया कि उसकी शादी 20 अप्रैल 2025 को नितिन पुत्र मुकेश के साथ हुई थी। आरोपी के बयान के अनुसार, उसके पति के मनीषा के साथ प्रेम संबंध थे। पति के कहने पर वह मनीषा के साथ एक ही कमरे में रहने लगी थी। इसी दौरान उसे मनीषा से ईर्ष्या होने लगी थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 4 अक्टूबर 2026 को उसका पति अपनी गाड़ी से कासगंज स्थित आरटीओ कार्यालय गया था। पति के घर से बाहर जाने के बाद उसके मन में मनीषा को रास्ते से हटाने का विचार आया। आरोप है कि अगले दिन, यानी 5 अक्टूबर को उसने मनीषा का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और इसके बाद मौके से फरार हो गई।
पुलिस ने जांच और पूछताछ के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी शीला कुमारी पत्नी नितिन है। वह मूल रूप से नगला सहजन, पोस्ट नरथर, थाना पटियाली, जनपद कासगंज की निवासी है। वर्तमान में वह ग्राम याकूबपुर, थाना फेस-2, गौतमबुद्धनगर में रह रही थी। उसकी उम्र लगभग 24 वर्ष बताई गई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Oct 2026 9:08 PM IST












