महिला टी20 विश्व कप प्रेमा रावत का डेब्यू, भारत की इन 7 खिलाड़ियों के साथ जुड़ गया नाम
नई दिल्ली, 21 जून (आईएएनएस)। महिला टी20 विश्व कप 2026 में रविवार को मैनचेस्टर में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबले में भारत की तरफ से प्रेमा रावत ने डेब्यू किया। प्रेमा का यह पहला अंतरराष्ट्रीय मैच है। वह लेग स्पिनर हैं।
प्रेमा रावत टी20 विश्व कप से अपने टी20 करियर का आगाज करने वाली भारत की आठवीं महिला क्रिकेटर बन गई हैं। प्रेमा से पहले हरमनप्रीत कौर, लतिका कुमारी, प्रियंका रॉय, पूनम राउत, अनुजा पाटिल, रसनारा परवीन, दयालन हेमलता टी20 विश्व कप से अपने टी20 करियर की शुरुआत कर चुकी हैं।
हरमनप्रीत कौर, लतिका कुमारी, और प्रियंका रॉय ने टी20 विश्व कप 2009 में इंग्लैंड के खिलाफ हुए मैच से अपने टी20 करियर का आगाज किया था। पूनम राउत ने 2009 विश्व कप में ही पाकिस्तान के खिलाफ अपने टी20 करियर का आगाज किया था। अनुजा पाटिल ने टी20 विश्व कप 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ, रसनारा परवीन ने 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ, और दयालन हेमलता ने 2018 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने टी20 करियर का आगाज किया था।
टी20 विश्व कप 2009 से अपने टी20 करियर का आगाज करने वाली भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के लिए टी20 विश्व कप 2026 में रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला जा रहा मैच बेहद खास है। यह उनके करियर का 200वां अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच है। वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाली दुनिया की इकलौती (महिला या पुरुष) खिलाड़ी हैं।
हरमनप्रीत कौर ने पिछले डेढ़ दशक में एक बेहतरीन बल्लेबाज और अब एक बेहतरीन कप्तान के रूप में खुद को स्थापित किया है। हरमन की कप्तानी में ही भारत ने वनडे विश्व कप 2025 का खिताब जीता था। यह भारतीय महिला टीम का पहला आईसीसी खिताब था। अब हरमन की नजर टी20 विश्व कप 2026 पर है। इंग्लैंड में आयोजित हो रहे इस विश्व कप में भारतीय टीम ने अपने अभियान की शुरुआत लगातार 2 जीत के साथ की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Jun 2026 7:44 PM IST












