- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 35 हाजियों का पवित्र जल आबे-जमजम...
लापरवाही: 35 हाजियों का पवित्र जल आबे-जमजम बर्बाद कर गई अकासा एयर! लीकेज से हुआ नुक्सान

Nagpur News. हज से लौटने वाला हर मुसलमान अपने साथ मक्का शरीफ की सबसे अनमोल निशानी पवित्र जल "आबे-जमजम" लेकर आता है। यह सिर्फ पानी नहीं, बल्कि आस्था, दुआ और बरकत का प्रतीक माना जाता है। लेकिन नागपुर के 35 हाजियों के हिस्से की यह पवित्र सौगात अकासा एयर की कथित लापरवाही की भेंट चढ़ गई। आरोप है कि एयरलाइन की हैंडलिंग के दौरान आबे-जमजम के कैनों में लीकेज हो गया और पूरा पानी रास्ते में ही बर्बाद हो गया। नतीजा यह हुआ कि हाजियों तक उनका पवित्र जल पहुंच ही नहीं सका। मामला सामने आने के बाद प्रभावित हाजियों ने अकासा एयर और महाराष्ट्र हज कमेटी से शिकायत की। इसके बाद भी उन्हें कोई ठोस जवाब नहीं मिला है। ऐसे में इस संवेदनशील मामले ने अब एयरलाइन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लीकेज ने छीनी पवित्र सौगात
जानकारी के अनुसार इस वर्ष नागपुर हज कमेटी के माध्यम से 2311 हाजियों ने हज यात्रा की थी। इनमें 33 हाजी विभिन्न कारणों से निर्धारित कार्यक्रम से पहले ही नागपुर लौट आए थे। जबकि दो हाजियों का मक्का में ही निधन हो गया था। इस कारण इन 35 हाजियो को उनके हिस्से का आबे-जमजम तत्काल नहीं मिल सका। बताया गया है कि अकासा एयर ने इन सभी हाजियों के लिए अलग से आबे-जमजम सुरक्षित रखा था। उसे फ्लाइट से नागपुर भेजने की व्यवस्था की गई थी। लेकिन विमान में लोडिंग और परिवहन के दौरान कुछ कैनों में लीकेज हो गया। रिसाव इतना अधिक था कि नागपुर पहुंचने से पहले ही पूरा पानी बर्बाद हो गया।
आस्था से जुड़ा है मामला
नियमों के मुताबिक, हज से लौटने वाले प्रत्येक यात्री को करीब पांच लीटर आबे-जमजम दिया जाता है। इसके लिए अलग से शुल्क भी लिया जाता है। एयरलाइन द्वारा यह जल उपलब्ध कराया जाता है। नियम यह भी है कि एयरलाइन को कुल जल की तुलना में 10 प्रतिशत अधिक आबे जम जम की व्यवस्था करनी होती है। ताकि कॉम पड़ने पर इस जल का उपयोग किया जा सके। आरोप है क़ी एयरलाइन इस इस नियम को पूरी तरह से दरकिनार किया। आबे-जमजम को बेहद मुकद्दस माना जाता है। हाजी इसे अपने परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों में बरकत के तौर पर बांटते हैं। ऐसे में इस पवित्र जल का नहीं मिलना हाजियों में बेहद नाराजगी है।
यह भी पढ़े -सेंट्रल जेल में योग से तनावमुक्ति की पहल, कैदियों ने कहा- अब आती है सुकून भरी नींद
समाधान अब तक नहीं
प्रभावित हाजियों और मृतकों के परिजनों का कहना है कि उन्होंने पानी नहीं मिलने को लेकर अकासा एयर के अधिकारियों से संपर्क किया। बार बार जल्द समाधान का भरोसा दिया गया। इस संदर्भ में महाराष्ट्र हज कमेटी तक शिकायत की गई हैं। बावजूद इसके आबे-जमजम कब मिलेगा ? इसका ठोस जवाब नहीं दिया गया। प्रभावित हाजियों ने शिकायत देकर अकासा एयर को जिम्मेदार ठहराया है। जल्द से जल्द आबे-जमजम उपलब्ध कराने की मांग की है।हालांकि अब तक इस मामले में कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है।
जल्द उपलब्ध कराया जाएगा
महाराष्ट्र राज्य हज समिती के समन्वयक खदीजा नाईकवाड़ी के मुताबिक ये सभी हाजी निर्धारित समय से पहले वतन लौट आए थे। इसलिए उन्हें उनके हिस्से का आबे-जमजम नहीं मिल पाया था। हमें उनकी शिकायतें प्राप्त हुई हैं। जल्द ही संबंधित हाजियों के लिए आबे जम जम की व्यवस्था की जाएगी। जिसके बाद हाजियो से संपर्क कर उन्हें आबे-जमजम उपलब्ध कराया जाएगा।
Created On :   21 Jun 2026 8:14 PM IST












