- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- सेंट्रल जेल में योग से तनावमुक्ति...
सेंट्रल जेल में योग से तनावमुक्ति की पहल, कैदियों ने कहा- अब आती है सुकून भरी नींद

Nagpur News. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मध्यवर्ती कारागृह (सेंट्रल जेल) में 15 से 21 जून तक सात दिवसीय योग एवं ध्यान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जेल प्रशासन, आर्ट ऑफ लिविंग तथा स्व. रामदासजी दगडुजी बुंदे शिक्षण संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। महाराष्ट्र कारागृह एवं सुधार सेवा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में कैदियों को योगासन, प्राणायाम, ध्यान, सुदर्शन क्रिया और तनाव प्रबंधन की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य बंदियों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन और सकारात्मक सोच का विकास करना था।
समापन समारोह में आर्ट ऑफ लिविंग के जिला समन्वयक विनय सगदेव ने भारतीय संस्कृति में योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित और आत्मविश्वासी बनाता है। वहीं जेल की अतिरिक्त अधीक्षक दीपा आगे ने कहा कि योग व्यक्ति को स्वयं से संवाद करना और जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना सिखाता है। शिविर में शामिल बंदियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि नियमित योग और सुदर्शन क्रिया से तनाव कम हुआ है, शारीरिक परेशानियों में राहत मिली है और अब उन्हें बेहतर नींद आने लगी है।
कार्यक्रम में जेल अधीक्षक वैभव आगे, उपअधीक्षक श्रीधर काले, योग प्रशिक्षकों एवं बड़ी संख्या में जेल अधिकारी-कर्मचारी तथा पुरुष व महिला कैदी उपस्थित रहे। महिला बंदियों ने “तारों को छू ले तिरंगा” गीत पर विभिन्न योगासन प्रस्तुत कर कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। कार्यक्रम की सफलता के लिए वरिष्ठ जेल अधिकारी मनोहर भोसले , वामन निमजे , बालासाहेब शिंदे , शिक्षक गणपत खोकले, शिक्षिका स्वाती भगत , सिपाही सुभाषचंद्र शाहू, हवलदार नीता पाटील ने प्रयास किया। संचालन आैर आभार प्रदर्शन मंगेश देशमुख ने किया।
Created On :   21 Jun 2026 7:32 PM IST














