महिला टेस्ट मैच क्रांति गौड़ का पंजा, इंग्लैंड पहली पारी में सिर्फ 170 रन पर ढेर, भारत के पास 115 रन की लीड

महिला टेस्ट मैच क्रांति गौड़ का पंजा, इंग्लैंड पहली पारी में सिर्फ 170 रन पर ढेर, भारत के पास 115 रन की लीड
मुकाबले के दूसरे दिन मेजबान इंग्लैंड को उसकी पहली पारी में सिर्फ 170 रन पर समेटने के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स में जारी एकमात्र टेस्ट मैच में 115 रन की अहम बढ़त हासिल कर ली है। इंग्लैंड को सस्ते में समेटने में तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ का अहम योगदान रहा, जिन्होंने पांच विकेट हासिल किए।

लंदन, 11 जुलाई (आईएएनएस)। मुकाबले के दूसरे दिन मेजबान इंग्लैंड को उसकी पहली पारी में सिर्फ 170 रन पर समेटने के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स में जारी एकमात्र टेस्ट मैच में 115 रन की अहम बढ़त हासिल कर ली है। इंग्लैंड को सस्ते में समेटने में तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ का अहम योगदान रहा, जिन्होंने पांच विकेट हासिल किए।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 285 रन बनाए। भारत ने 37 के स्कोर तक 2 विकेट खो दिए थे। इसके बाद स्मृति मंधाना ने जेमिमा रोड्रिगेज के साथ तीसरे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला।

रोड्रिगेज 38 गेंदों में 5 चौकों के साथ 35 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद मंधाना ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ चौथे विकेट के लिए 89 जुटाए। मंधाना ने 11 चौकों और 1 छक्के के साथ 83 रन बनाए, जबकि कौर ने टीम के खाते में 58 रन का योगदान दिया। इनके अलावा, दीप्ति शर्मा ने 57 रन जोड़े।

मेजबान खेमे से सोफी एक्लेस्टोन ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि लॉरेन फिलर, ईसी वोंग और मैडी विलियर्स ने 2-2 विकेट हासिल किए। लॉरेन बेल ने 1 विकेट निकाला।

इसके जवाब में इंग्लिश टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 59.1 ओवरों का ही सामना कर सकी और 170 रन पर ढेर हो गई। इंग्लैंड ने 47 के स्कोर तक 4 विकेट गंवा दिए थे। यहां से कप्तान नैट साइवर ब्रंट ने एमी जोन्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की।

इंग्लैंड को 37.4 ओवर में जोन्स के रूप में पांचवां झटका लगा, जो 6 चौकों के साथ 52 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। आलम ये रहा कि इस पारी में सिर्फ पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू सकीं।

भारत की तरफ से क्रांति गौड़ ने 37 रन देकर सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए, जबकि सयाली सातघरे और स्नेह राणा को 2-2 सफलताएं हाथ लगीं। एक विकेट दीप्ति शर्मा ने निकाला।

लॉर्ड्स के मैदान पर पहली बार महिलाओं का टेस्ट मैच खेला जा रहा है, जो इसे एक ऐतिहासिक मुकाबला बनाता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 July 2026 8:15 PM IST

Tags

Next Story