'मजबूरी' के कारण सिर्फ 30 साल की उम्र में ब्रैड व्हील ने पेशेवर क्रिकेट से 'संन्यास' लिया

मजबूरी के कारण सिर्फ 30 साल की उम्र में ब्रैड व्हील ने पेशेवर क्रिकेट से संन्यास लिया
स्कॉटलैंड के तेज गेंदबाज ब्रैड व्हील ने शुक्रवार को 30 साल की उम्र में पेशेवर क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। ब्रैड ने बताया कि बार-बार इंजरी की वजह से उनका शरीर अब तेज गेंदबाजी की शारीरिक चुनौतियों को झेलने में असमर्थ हो गया है।

ग्लासगो, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। स्कॉटलैंड के तेज गेंदबाज ब्रैड व्हील ने शुक्रवार को 30 साल की उम्र में पेशेवर क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। ब्रैड ने बताया कि बार-बार इंजरी की वजह से उनका शरीर अब तेज गेंदबाजी की शारीरिक चुनौतियों को झेलने में असमर्थ हो गया है।

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ब्रैड की पीठ में चार बार 'स्ट्रेस फ्रैक्चर' हुए और हाल ही में उनके घुटने की सर्जरी भी हुई है। उन्होंने स्कॉटलैंड की तरफ से कुल 44 वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले, जिसमें 51 शिकार किए।

ब्रैड व्हील ने शुक्रवार को 'क्रिकेट स्कॉटलैंड' की तरफ से जारी बयान में कहा, "मुझे हैम्पशायर के साथ बिताया अपना समय और एक पेशेवर क्रिकेटर के तौर पर स्कॉटलैंड का प्रतिनिधित्व करना बहुत पसंद रहा है, लेकिन दुर्भाग्य से, बार-बार लगने वाली चोटों के कारण मुझे यह कठिन फैसला लेना पड़ा और मैंने क्रिकेट से संन्यास लेने का निर्णय लिया है। यह कोई आसान फैसला नहीं था, लेकिन मैं इससे संतुष्ट हूं। मेरी पीठ में चार बार स्ट्रेस फ्रैक्चर हुए हैं और हाल ही में मेरे घुटने की सर्जरी हुई है। अब मेरा शरीर तेज गेंदबाजी की मांगों को और नहीं झेल सकता।"

ब्रैड ने साल 2016 में हांगकांग के खिलाफ स्कॉटलैंड के लिए अपना डेब्यू किया था। इसके बाद वे चार टी20 विश्व कप में खेले। ब्रैड व्हील ने कहा, "मेरे और परिवार के लिए स्कॉटलैंड की तरफ से खेलने का मौका मिलना हमेशा से बहुत मायने रखता है। मुझे इस बात पर हमेशा बहुत गर्व रहेगा। मैं भाग्यशाली रहा हूं कि मुझे चार विश्व कप में स्कॉटलैंड का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला और इस दौरान मुझे कई शानदार अनुभव मिले। मैंने जीवन भर के लिए कुछ दोस्त बनाए हैं और कुछ बेहतरीन लोगों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया है। शायद मुझे इन्हीं चीजों की सबसे ज्यादा याद आएगी।"

व्हील का इंग्लिश काउंटी टीम हैम्पशायर के साथ भी लंबा जुड़ाव रहा, जिससे वे 2015 में जुड़े थे। उन्होंने इस क्लब के लिए अलग-अलग फॉर्मेट में 131 मैच खेले और दो ट्रॉफियां जीतीं - 2018 में वन-डे कप और 2022 में टी20 ब्लास्ट। उन्होंने कहा, "मैं अपने सभी साथियों, कोचों और सपोर्ट स्टाफ का बहुत आभारी हूं, जिनके साथ मैंने इतने वर्षों तक काम किया है। मैं स्कॉटलैंड के सभी फैंस को भी इतने वर्षों तक समर्थन देने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं, खासकर उन लोगों को जो हमें सपोर्ट करने के लिए दुनिया भर में यात्रा करके आए। उनका साथ होना हमेशा बहुत मायने रखता है। यह मेरे करियर का एक बहुत बड़ा हिस्सा रहा है और इसे मैं हमेशा बहुत अच्छी यादों के साथ याद रखूंगा। मैं निश्चित रूप से लड़कों के खेल पर नजर रखूंगा और दूर से ही उनका समर्थन करता रहूंगा।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 Oct 2026 8:11 PM IST

Tags

Next Story