ममता बनर्जी बनीं इंडियन पॉलिटिकल सिस्टम की 'क्राई लेडी' प्रतुल शाहदेव
रांची, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी इंडियन पॉलिटिकल सिस्टम की 'क्राई लेडी' हो गई है।
दरअसल, ममता बनर्जी ने फर्जी वोटरों का मुद्दा उठाते हुए भाजपा पर आरोप लगाया था कि पार्टी बिहार, राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के लोगों को पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची में शामिल करने की कोशिश कर रही है, ताकि चुनाव को प्रभावित किया जा सके।
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रतुल शाहदेव ने ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए उनकी तुलना मशहूर अदाकारा मीना कुमारी से की। उन्होंने कहा कि जैसे मीना कुमारी हर सीन में अपने आंसुओं से दर्शकों को भावुक कर देती थीं, वैसे ही ममता बनर्जी भी हर बार 'आंसुओं की कहानी' पेश करती नजर आती हैं। वह इंडियन पॉलिटिकल सिस्टम की क्राई लेडी हो गई है।
ममता बनर्जी ने चुनाव से ठीक पहले मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर अधिकारियों के तबादले पर सवाल उठाए हैं और दावा किया है कि इससे प्रशासन और चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इस पर प्रतुल शाहदेव ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर एक आईएएस अधिकारी की जगह दूसरा आईएएस नियुक्त होता है, तो इससे प्रक्रिया कैसे प्रभावित हो सकती है? क्या अधिकारियों की कार्यक्षमता पर सवाल उठाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अगर एक थानेदार की जगह दूसरे इंस्पेक्टर की नियुक्ति होती है, तो इससे चुनाव प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ता। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि जिन अधिकारियों के सहारे पहले चुनाव जीते जाते थे, उन्हें हटाए जाने पर अब आपत्ति जताई जा रही है।
प्रतुल शाहदेव ने दावा किया कि ममता बनर्जी को अब अपनी सत्ता जाने का अंदेशा हो गया है, इसलिए इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी तानाशाही और लोकतांत्रिक व्यवस्था के नाम पर चल रहा शासन अब जल्द खत्म होने वाला है।
इस दौरान प्रतुल शाहदेव ने नक्सलवाद के मुद्दे पर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बस्तर में नक्सलवाद को लगभग खत्म करने की दिशा में काम किया है और इसके लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के समय सत्ता की लालसा के कारण नक्सलवाद फैला। साथ ही उन्होंने पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने नक्सलवाद को देश की सबसे बड़ी समस्या बताया था, जो कश्मीर से भी बड़ी है। शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस ने इस समस्या के समाधान के लिए कुछ खास नहीं किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 April 2026 4:23 PM IST












