ममता बनर्जी ने केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर वीडी सतीशन को दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने सोमवार को केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर वीडी सतीशन को शुभकामनाएं दी। उन्होंने उम्मीद जताई है कि नई सरकार केरल की जनता के हित के लिए कार्यरत रहेगी।
ममता बनर्जी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन के नेतृत्व वाली यूडीएफ सरकार को केरल में शपथ ग्रहण करने पर बधाई। नई सरकार को केरल की जनता की सेवा में अपार सफलता मिले, यही कामना है।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वी.डी. सतीशन को शुभकामनाएं देते हुए एक्स पर पोस्ट में लिखा कि वी.डी. सतीशन को केरलम राज्य के मुख्यमंत्री पद तथा मंत्रिमंडल के सभी सम्मानित सदस्यों को शपथ ग्रहण करने पर शुभकामनाएं। आज इस गरिमामयी शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित होकर लोकतंत्र की इस ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी बेला का साक्षी बनना मेरे लिए अत्यंत सौभाग्य और हर्ष का विषय है। पूर्ण विश्वास है कि आपके नेतृत्व में जनसेवा एवं लोककल्याण के संकल्प के साथ केरलम राज्य विकास, समृद्धि और नई उपलब्धियों के पथ पर अग्रसर होगा। ईश्वर से आप सभी के सफल, जनहितकारी एवं यशस्वी कार्यकाल की मंगलकामनाएं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि केरलम में आज से एक नई शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन सहित शपथ ग्रहण करने वाले मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं। देशभर के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की उपस्थिति में आज भव्य शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुआ। हम सबको विश्वास है कि यूडीएफ की ये नई सरकार केरलम में प्रगति को एक नई दिशा देगी और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि वी. डी सतीशन को केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि कांग्रेस नेतृत्व के मार्गदर्शन में, आप राज्य की जनता को एक पारदर्शी और जवाबदेह शासन प्रदान करेंगे, जो कांग्रेस पार्टी और यूडीएफ की जन-हितैषी विचारधारा में दृढ़ता से निहित होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 May 2026 2:07 PM IST












