मराठा आरक्षण आंदोलन तेज होगा, मनोज जरांगे ने युवाओं से मुंबई पहुंचने की अपील की

मराठा आरक्षण आंदोलन तेज होगा, मनोज जरांगे ने युवाओं से मुंबई पहुंचने की अपील की
मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल ने एक बार फिर सरकार के खिलाफ बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वे अपना अनशन नहीं छोड़ेंगे और जल्द ही मुंबई में आंदोलन करेंगे।

मुंबई, 31 अगस्त (आईएएनएस)। मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल ने एक बार फिर सरकार के खिलाफ बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वे अपना अनशन नहीं छोड़ेंगे और जल्द ही मुंबई में आंदोलन करेंगे।

जरांगे ने मराठा समाज को संबोधित करते हुए कहा, "मैं अनशन नहीं छोड़ूंगा। मैं जानता हूं कि मुंबई में कैसे जाना है। वह मैं बता दूंगा। मेरे आने के बाद जहां जाना है, वहां चले जाना। आपको पता चले कि मैं आजाद मैदान या वर्षा बंगले पर पहुंच गया हूं तो आप बाहर आ जाना।"

उन्होंने मराठा युवाओं से अपील की कि सभी का एक साथ मुंबई जाना संभव नहीं है, इसलिए धीरे-धीरे मुंबई पहुंचना शुरू करें। उन्होंने कहा, "आज से ही महाराष्ट्र के मराठा समाज से कहता हूं कि 12 सितंबर तक धीरे-धीरे मुंबई की ओर जाएं। अपनी सुविधा के अनुसार जैसे जा सकते हैं, वैसे जाएं। आज से 12 सितंबर के अंदर जितना जा सकते हैं, उतना जाएं। बस आजाद मैदान पर मत जाएं, क्योंकि उन्हें पता नहीं चलना चाहिए कि मराठा यहां आए हैं।"

मनोज जरांगे ने रणनीति बताते हुए कहा कि आंदोलनकारी मुंबई में अपने रिश्तेदारों या दोस्तों के यहां रुकें। उन्होंने कहा, "अगर पुलिस को पता चल गया कि फलां-फलां के यहां मराठा युवक आकर रुके हैं और पुलिस आपको उस घर से उठाकर ले जाए तो बेझिझक पुलिस स्टेशन में रहें। उल्टा, वहां अच्छी सुविधा है, घबराएं नहीं।"

उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाया और कहा, "पुलिस किन-किन लोगों को उठाकर ले जाती है, वह मैं देखता हूं। आज से 12 सितंबर तक जब भी आपको समय मिले, मुंबई की ओर निकलें।"

इसके साथ ही उन्होंने सरकार से 12 सितंबर से 30 सितंबर तक मुंबई में अनशन की अनुमति देने की मांग की है। उन्होंने कहा, "30 सितंबर तक निकालने को कहिए। 12 सितंबर से 30 सितंबर तक की अनुमति का लेटर अभी दे दीजिए, ऐसा फोन करके उनसे कहिए। आज ही अनुमति देने को कहिए।"

उन्होंने कहा कि प्रशासन को स्पष्ट रूप से बताना चाहिए कि मनोज जरांगे पाटिल मुंबई में अनशन करने वाले हैं, इसलिए इसकी अनुमति दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अनुमति मिलती है या नहीं, वह भी देखा जाएगा और आगे की रणनीति तय की जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   31 Aug 2026 11:55 PM IST

Tags

Next Story