राजस्थान अलवर में बड़ा हादसा, पतंग लूटने जा रहा बच्चा बोरवेल में गिरा
अलवर, 31 अगस्त (आईएएनएस)। राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बुटोली गांव में सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया। गांव में कटी हुई पतंग लूटने के लिए दौड़ रहा करीब 10 वर्षीय बच्चा भानु अचानक खुले बोरवेल में जा गिरा।
बच्चा करीब 50 से 55 फीट की गहराई में फंसा हुआ है। राहत की बात यह है कि शुरुआती जानकारी के अनुसार बच्चा सकुशल है और अंदर से उसकी आवाज भी सुनाई दे रही है। सूचना के बाद दो जेसीबी को मौके पर लाकर अगल-बगल से खुदाई शुरू की गई है।
जानकारी के अनुसार, भानु गांव में उड़ रही पतंग काटने के बाद उसे लूटने के लिए खेत की ओर दौड़ रहा था। खेत में काफी समय से बंद पड़ा एक पुराना बोरवेल था। बताया जा रहा है कि बोरवेल के ऊपर पत्थर रखा हुआ था, लेकिन वह आधा खिसका हुआ था। खेत में लंबे समय से लोगों की आवाजाही नहीं होने के कारण किसी को अंदाजा भी नहीं था कि वहां बोरवेल मौजूद है। इसी दौरान बच्चा अचानक बोरवेल में गिर गया और करीब 50-55 फीट नीचे जाकर फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। विधायक ने अधिकारियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था के निर्देश दिए।
पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। बच्चे को बाहर निकालने के लिए मशीनें और रेस्क्यू उपकरण मौके पर मंगवाए गए।
विधायक सुखवंत सिंह ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल रेस्क्यू शुरू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने पार्टी नेतृत्व को भी घटना की जानकारी दी है। जिला कलेक्टर के भी मौके पर पहुंचने की सूचना है।
बच्चे के बोरवेल में गिरने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन की प्राथमिकता बच्चे को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित बाहर निकालना है। मौके पर मौजूद अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और रेस्क्यू टीम ने प्रयास तेज कर दिए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   31 Aug 2026 11:54 PM IST












