विमेंस एशिया कप नाहिदा-मारूफा ने समेटी आधी टीम, बांग्लादेश ने इंडोनेशिया को 71 रन से रौंदा

विमेंस एशिया कप नाहिदा-मारूफा ने समेटी आधी टीम, बांग्लादेश ने इंडोनेशिया को 71 रन से रौंदा
बांग्लादेश ने विमेंस एशिया कप 2026 में अपने अभियान का शानदार आगाज किया है। इस टीम ने सोमवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इंडोनेशिया को 71 रन से रौंदा।

दुबई, 31 अगस्त (आईएएनएस)। बांग्लादेश ने विमेंस एशिया कप 2026 में अपने अभियान का शानदार आगाज किया है। इस टीम ने सोमवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इंडोनेशिया को 71 रन से रौंदा।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 129 रन ही बना सकी। टीम ने 16 के स्कोर तक जुवैरिया फिरदौस का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद शोभना मोस्तरी ने दिलारा अख्तर के साथ दूसरे विकेट के लिए 43 गेंदों में 40 रन जुटाए। दिलारा 31 गेंदों में 4 चौकों के साथ 27 रन बनाकर आउट हुईं।

इसके बाद शोभना ने कप्तान निगार सुल्ताना के साथ तीसरे विकेट के लिए 26 रन, जबकि शोर्ना अख्तर के साथ चौथे विकेट के लिए 23 रन जुटाकर टीम को शतक के पार पहुंचाया। 17वें ओवर की पांचवीं गेंद पर टीम ने शोभना का विकेट गंवाया। शोभना ने 42 गेंदों में 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 40 रन बनाए। अगली गेंद पर रितू मोनी (0) भी पवेलियन लौट गईं।

इसके बाद शोर्ना अख्तर ने फहिमा खातून के साथ छठे विकेट के लिए 20 रन जोड़े। शोर्ना 18 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 31 रन बनाकर नाबाद रहीं। विपक्षी खेमे से नी कादेक अरियानी ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि नी लुह देवी ने 2 विकेट निकाले। इनके अलावा, नी माडे पुत्री सुवांदेवी और सोफिया वेलिक ने 1-1 विकेट चटकाया।

इसके जवाब में इंडोनेशिया 17.3 ओवरों में सिर्फ 58 रन पर ढेर हो गई। इस टीम को 19 के स्कोर पर रहमावती पंगेस्तुती (9) के रूप में पहला झटका लगा, जिसके बाद टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। इंडोनेशिया की तरफ से मारिया कोराजोन ने सर्वाधिक 12 रन बनाए, उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंचीं।

बांग्लादेश के लिए नाहिदा अख्तर ने 4 ओवरों में 15 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट निकाले, जबकि मारूफा अख्तर ने 6 रन देकर 2 विकेट चटकाए। संजीदा अख्तर और फहिमा खातून ने 1-1 विकेट हासिल किया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   31 Aug 2026 11:55 PM IST

Tags

Next Story