मौलाना जर्जिस अंसारी के विवादित बयान पर लखनऊ में मामला दर्ज
लखनऊ, 16 जुलाई (आईएएनएस)। मौलाना जर्जिस अंसारी के भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए विवादित बयान के मामले में लखनऊ के हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। हिंदूवादी नेता शिशिर चतुर्वेदी की शिकायत पर थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 302 और 66 के तहत मामला दर्ज किया है।
मौलाना जर्जिस अंसारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कथित तौर पर उन्होंने कहा था कि "कृष्ण मुस्लिम थे और पांच वक्त की नमाज पढ़ते थे।" इस बयान के सामने आने के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया और कार्रवाई की मांग की।
इससे पहले मौलाना जर्जिस अंसारी के बयान पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) नेता विनोद बंसल ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी थी।
आईएएनएस से बातचीत में विनोद बंसल ने कहा था कि यह कोई पहला मामला नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले मौलाना अरशद मदनी ने भी दिल्ली की एक सभा में भगवान शिव को लेकर विवादित टिप्पणी की थी।
उन्होंने कहा, "मौलाना जर्जिस जैसे लोगों को शर्म नहीं आती। ऐसे लोग लगातार बेहूदा बयान देते रहते हैं। शासन-प्रशासन को इनके खिलाफ सख्त व्यवस्था करनी चाहिए।"
विनोद बंसल ने आरोप लगाया कि कुछ लोग लगातार हिंदू आस्था और धार्मिक विश्वासों को आहत करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि दूसरे धर्मों के बारे में कोई टिप्पणी की जाए तो तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिलती है, लेकिन हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की जाती हैं, जो पूरी तरह अस्वीकार्य हैं। उन्होंने मौलाना जर्जिस अंसारी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इसके साथ ही, भाजपा के कई नेताओं समेत हिंदूवादी संगठनों ने इस बयान की निंदा की है और जर्जिस अंसारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 July 2026 8:03 PM IST












