अंतरराष्ट्रीय: यमन के तट पर प्रवासी नाव पलटने से अब तक 68 लोगों की मौत, 74 लापता

यमन के तट पर प्रवासी नाव पलटने से अब तक 68 लोगों की मौत, 74 लापता
यमन के तट पर प्रवासी नाव के पलटने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 68 हो गई है, जबकि 74 अन्य अभी भी लापता हैं। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के बावजूद खोज और बचाव अभियान जारी है।

अदन, 4 अगस्त (आईएएनएस)। यमन के तट पर प्रवासी नाव के पलटने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 68 हो गई है, जबकि 74 अन्य अभी भी लापता हैं। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के बावजूद खोज और बचाव अभियान जारी है।

अबयान प्रांत के स्वास्थ्य कार्यालय के निदेशक अब्दुल कादर बजमिल के अनुसार, बचाव दल ने दक्षिणी अबयान प्रांत के तटीय क्षेत्र से दिन भर में 68 शव बरामद किए हैं, जबकि 12 जीवित बचे लोगों को सुबह पानी से निकाला गया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, बचे हुए लोगों को तुरंत आपातकालीन चिकित्सा उपचार के लिए शक्र जनरल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सा कर्मचारियों ने बताया है कि लंबे समय तक समुद्री जल में रहने और थकावट के कारण कुछ रेस्क्यू किए गए लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

यह त्रासदी शनिवार रात को हुई जब 154 इथियोपियाई प्रवासियों को ले जा रही एक नाव स्थानीय समयानुसार रात लगभग 11:00 बजे अबयान प्रांत के तटवर्ती जलक्षेत्र में खराब मौसम और तेज हवाओं के कारण पलट गई।

अबयान सुरक्षा अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सभी पीड़ित और बचे हुए लोग इथियोपियाई नागरिक हैं, जो यमन पहुंचने और फिर बेहतर आर्थिक अवसरों की तलाश में खाड़ी देशों की यात्रा करने वाले अफ्रीकी प्रवासियों के निरंतर आगमन का हिस्सा हैं।

विभिन्न तटीय क्षेत्रों में कई शव मिले हैं, जिसके कारण अधिकारियों ने अपने खोज अभियान का विस्तार किया है और अतिरिक्त बचाव दल तैनात किए हैं। स्वास्थ्य अधिकारी स्थानीय अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क के साथ काम कर रहे हैं ताकि प्रांतीय राजधानी जिंजीबार के पास डिजाइनेटेड एरिया में बरामद पीड़ितों के लिए उचित अंतिम संस्कार की व्यवस्था की जा सके।

यह घटना अफ्रीकी प्रवासियों के सामने मौजूद खतरों को उजागर करती है, जो यमन के लंबे संघर्ष और गंभीर मानवीय संकट के बावजूद खतरनाक समुद्री यात्राओं का जोखिम उठाते रहते हैं।

उल्लेखनीय है कि अफ्रीकी प्रवासियों का यमन में आना लगातार जारी है। यमन पहले से ही दस साल से चल रहे संघर्ष और संयुक्त राष्ट्र द्वारा बताए गए दुनिया के सबसे खराब मानवीय संकटों में से एक से जूझ रहा है। ऐसे में यहां पहुंचने के बाद इन प्रवासियों को बेहद मुश्किल हालात का सामना करना पड़ता है। संयुक्त राष्ट्र ने इसे दुनिया के सबसे बुरे मानवीय संकटों में से एक बताया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Aug 2025 12:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story