मोहित मल्होत्रा ने बप्पा से सीखा जीवन का मर्म, कहा-आने और जाने का जश्न मानना सीखो

मोहित मल्होत्रा ने बप्पा से सीखा जीवन का मर्म, कहा-आने और जाने का जश्न मानना सीखो
'बड़े अच्छे लगते हैं', 'ससुराल गेंदा फूल' और 'जमाई राजा' जैसे शो में काम कर दर्शकों के दिलों में खास पहचान रखने वाले अभिनेता मोहित मल्होत्रा ने बताया कि गणपति बप्पा का मतलब उनके जीवन में नई शुरुआत है।

मुंबई, 16 सितंबर (आईएएनएस)। 'बड़े अच्छे लगते हैं', 'ससुराल गेंदा फूल' और 'जमाई राजा' जैसे शो में काम कर दर्शकों के दिलों में खास पहचान रखने वाले अभिनेता मोहित मल्होत्रा ने बताया कि गणपति बप्पा का मतलब उनके जीवन में नई शुरुआत है।

बप्पा के साथ अपने निजी जुड़ाव के बारे में बात करते हुए मोहित ने कहा, "मेरे लिए बप्पा हमेशा से आस्था, सकारात्मकता और फिर से शुरुआत करने की क्षमता का प्रतीक रहे हैं। कुछ नया शुरु करने से पहले मन को साफ रखना और इस भरोसे से आगे बढ़ना की रास्ता खुद-ब-खुद बन जाएगा, इसमें एक बहुत ही सुकून देने वाली बात है। मैं बप्पा को जमीन से जुड़े रहने से भी जोड़ता हूं।"

मोहित ने आगे कहा, "जिंदगी में चाहे कितने भी बदलाव आ जाएं, कुछ चीजें ऐसी होती हैं जो आपको वापस खुद से जोड़ देती हैं। मेरे लिए गणेश चतुर्थी में वही एहसास है। यह लोगों को एक साथ लाता है, इतनी पॉजिटिव एनर्जी पैदा करता है और किसी तरह आपको एक पल के लिए रुककर बस आभारी होने पर मजबूर कर देता है।"

मोहित ने बताया कि गणपति पूजा के लिए कोई बड़ा रिवाज नहीं करते हैं। उन्होंने कहा, "मेरे लिए यह त्योहार इसलिए है कि मैं बप्पा के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिता सकूं, प्रार्थना करूं और त्योहार की शुरुआत पॉजिटिव सोच के साथ करूं। मुझे लगता है कि कभी-कभी हम सब कुछ परफेक्ट करने में उलझ जाते हैं।"

मोहित ने कहा, "मेरे लिए सबसे जरूरी है, एक पल निकालकर बप्पा का आभारी होना और आगे बढ़ते रहने की शक्ति मांगना। शायद यही हर साल मेरी छोटी सी परंपरा है। सच कहूं तो, पूरा माहौल ही मुझे पसंद है। बेशक मोदक को मना करना नामुमकिन है लेकिन मुझे त्योहार के आसपास की एनर्जी सबसे ज्यादा पसंद है। हर तरफ इतनी गर्मजोशी, संगीत, लोग एक साथ आते हैं और जश्न का एहसास होता है और फिर विसर्जन बिल्कुल अलग होता है। बप्पा को जाते हुए देखने में कुछ भावुक सा है, यह जानते हुए कि पूरा जश्न तो कुछ समय के लिए है लेकिन एहसास हमेशा आपके साथ रहता है।"

मोहित ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा कि यही चीज गणेश चतुर्थी को इतना खूबसूरत बनाती है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 Sept 2026 3:32 PM IST

Tags

Next Story