1.25 लाख पार्थेश्वर शिवलिंग के साथ दत्ताश्रय आश्रम में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

1.25 लाख पार्थेश्वर शिवलिंग के साथ दत्ताश्रय आश्रम में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

खरच स्थित दत्ताश्रय आश्रम में श्रावण मास के अंतिम दिन भव्य शिवभक्ति महोत्सव का आयोजन किया गया। आश्रम की ओर से लगातार 11वें वर्ष आयोजित इस धार्मिक आयोजन में 1 लाख 25 हजार पार्थेश्वर शिवलिंग के साथ भगवान शिव की विशेष आराधना की गई। भक्ति और आस्था से सराबोर इस आयोजन में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और भस्म आरती में भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।


समूचे आयोजन के बारे में आचार्य भाविन पंड्या ने बताया कि सुबह से ही आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। पूरे परिसर में भगवान शिव के जयकारों और भजनों से भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने पार्थेश्वर शिवलिंग की पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का अभिषेक किया। इसके बाद विधिवत भस्म आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के चरणों में देश और समाज में शांति, लोककल्याण तथा सभी के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। आश्रम परिसर में दिनभर धार्मिक गतिविधियों का दौर चलता रहा। आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी की भी व्यवस्था की गई।

आचार्य मनन पंड्या ने बताया कि दत्ताश्रय आश्रम की ओर से पिछले 10 वर्षों से श्रावण मास के अवसर पर शिवभक्ति का विशेष आयोजन किया जा रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष 11वें आयोजन में 1.25 लाख पार्थेश्वर शिवलिंग के साथ विशेष शिव आराधना की गई। आयोजन में शामिल श्रद्धालुओं ने इसे आध्यात्मिक और भक्तिमय अनुभव बताया।

Created On :   16 Sept 2026 3:28 PM IST

Next Story