- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- महाराष्ट्र सदन में धूमधाम से गणेश...
गणेश जी का आगमन: महाराष्ट्र सदन में धूमधाम से गणेश प्रतिमा की हुई स्थापना, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने की पूजा - अर्चना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी स्थित महाराष्ट्र सदन में सोमवार को धूमधाम से गणेश जी की स्थापना की गई। महाराष्ट्र सदन पब्लिक गणेशोत्सव समिति द्वारा आयोजित गणेशोत्सव में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने विधिवत पूजा-अर्चना कर गणेश प्रतिमा की स्थापना की। इस अवसर पर महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, मॉरीशस की हाई कमिश्नर शीलाबाई बप्पू, महाराष्ट्र सदन की स्थानिक आयुक्त व सचिव डॉ. श्वेता सिंघल, आयुक्त (निवेश) सुशील गायकवाड, महाराष्ट्र परिचय केंद्र के निदेशक हेमराज बागुल, जनसंपर्क अधिकारी मनीषा पिंगले समेत तमाम अधिकारी व बड़ी संख्या में गणेश भक्त मौजूद थे।
ढोल-नगाड़ों की थाप के साथ गणेश जी का आगमन
गणेश प्रतिमा की स्थापना से पहले कॉपरनिकस मार्ग पर एक शानदार जुलूस निकाला गया। पूरा इलाका ढोल-नगाड़ों की आवाज और ‘गणपति बप्पा मोरया, मंगलमूर्ति मोरया’ के नारों से गूंज उठा। इस दौरान महाराष्ट्र की सांस्कृतिक परंपरा का पावन रूप देखने को मिला।
मराठी सांस्कृतिक कार्यक्रम की धूम
गणेश चतुर्थी के मौके पर महाराष्ट्र सदन,दिल्ली और उसके आस-पास के कई गणेश मंडलों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया है। इन कार्यक्रमों में मराठी लावणी, लोक नृत्य, नाटक, कीर्तन और भजन संध्या वगैरह शामिल हैं, जो महाराष्ट्र की लोक कला, परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता को दिखाते हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे के आवास पर श्री गणेश जी की स्थापना
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने भी सोमवार को श्री गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर अपने आधिकारिक आवास पर बड़े उत्साह और भक्ति के माहौल में श्री गणेश जी की स्थापना की गई। विघ्नहर्ता श्री गणेश का विधि-विधान से पूजा-आरती से स्वागत किया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने देशवासियों के साथ-साथ महाराष्ट्र वासियों को गणेशोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस अवसर पर प्रार्थना की कि भगवान गणेश की कृपा से देश में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति आए और युवा पीढ़ी को खेल और विभिन्न क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरणा मिले।
Created On :   14 Sept 2026 8:16 PM IST













