Rewa News: गोरगी के प्राचीन वैभव की गवाह है एक ही पत्थर से निर्मित 1000 वर्ष प्राचीन गणेश प्रतिमा

गोरगी के प्राचीन वैभव की गवाह है एक ही पत्थर से निर्मित 1000 वर्ष प्राचीन गणेश प्रतिमा
1852 में महाराजा विश्वनाथ सिंह जूदेव ने किला परिसर में कराया था स्थापित

डिजिटल डेस्क,रीवा। विंध्य की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरें अपने आप में गौरवशाली इतिहास समेटे हुए हैं। किला स्थित महामृत्युजय मंदिर परिसर में स्थापित भगवान गणेश की 8 फीट की विशाल प्रतिमा केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि 10वीं शताब्दी की बेजोड़ मूर्तिकला का अप्रतिम उदाहरण है। एक ही विशाल पत्थर पर तराशी गई यह प्रतिमा लगभग 1 हज़ार वर्ष प्राचीन बताई जाती है।

​युवराज देव के शासनकाल में हुआ था निर्माण

इतिहासकार असद खान के अनुसार, इस अद्भुत गणेश प्रतिमा का निर्माण कल्चुरी राजवंश के राजा युवराज देव प्रथम के शासनकाल (915-945) में गोरगी में कराया गया था। समय के साथ जब गोरगी स्थित मूल मंदिर की हालत जर्जर होने लगी, तब यहां की धरोहर को सुरक्षित करने के उद्देश्य से इन्हें स्थानांतरित किया गया। इसी क्रम में भगवान गणेश की इस भव्य प्रतिमा के साथ-साथ ऐतिहासिक 'पुतरिया दरवाजा' भी गोरगी से लाकर किला में स्थापित किया गया। वहीं, हरि-गौरी की प्रतिमा को रीवा के पद्मधर पार्क में स्थापित कराया गया था।

1852 में महाराजा विश्वनाथ सिंह ने कराया पुनर्स्थापित

इतिहास के पन्नों के अनुसार, सन 1852 में रीवा के तत्कालीन महाराजा विश्वनाथ सिंह जूदेव ने इस ऐतिहासिक गणेश प्रतिमा को गोरगी से लाकर किला स्थित महामृत्युजय मंदिर परिसर में पूर्ण आदर व विधि-विधान के साथ स्थापित कराया था। इसके अलावा, किला के प्रवेश द्वार में भी भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित है, जो इस स्थल के धार्मिक महत्व को और बढ़ाती है।

राजपरिवार में प्रथम पूज्य की विशेष पूजा

सनातन परंपरा में भगवान गणेश को प्रथम पूज्य माना गया है, यही वजह है कि रीवा राजपरिवार में भगवान गणेश की इस प्राचीन प्रतिमा का विशेष महत्व है। सदियों से चली आ रही परंपरा के अनुसार, हर साल गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर रीवा राजपरिवार द्वारा इस 1000 वर्ष पुरानी प्रतिमा का विशेष श्रृंगार और पूजन-अर्चन किया जाता है। आज भी यह प्रतिमा विंध्य क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए अगाध श्रद्धा और कौतुहल का विषय बनी हुई है।

Created On :   14 Sept 2026 7:33 PM IST

Tags

Next Story