- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने...
Rewa News: संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने एक माह चलेगा व्यापक अभियान

डिजिटल डेस्क,रीवा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण, सुशासन एवं राष्ट्र निर्माण के 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। रीवा जिले में अभियान के दौरान सेवा, जनसंपर्क, जनभागीदारी एवं रचनात्मक गतिविधियों की व्यापक श्रृंखला आयोजित की जाएगी।
अभियान को लेकर सोमवार को भाजपा संभागीय कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को प्रदेश शासन के मंत्री दिलीप जायसवाल ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है। इस सेवा यात्रा से जन-जन को परिचित कराने तथा समाज में सेवा के संस्कार को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह अभियान आयोजित किया जा रहा है।
मंत्री जायसवाल ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घकालीन सेवा यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं से आए परिवर्तन और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। अभियान के दौरान जिले में विभिन्न सेवा एवं जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सेवा दिवस से शुरू होगा अभियान
17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा दिवस के रूप में जिले में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और समाजसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शाम 7 बजे कार्यकर्ता लाभार्थी परिवारों के घर पहुंचकर ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाएंगे। भाजपा कार्यालय, विधायक कार्यालय, बूथ स्तर, प्रमुख मंदिरों, चौराहों एवं घर-घर दीप उत्सव के माध्यम से सेवा भावना का संदेश दिया जाएगा।
विद्यार्थियों की होगी सक्रिय सहभागिता
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सरकारी एवं निजी विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को विकसित भारत की कल्पना तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों से परिचित कराया जाएगा।
गांव-गांव पहुंचेगा ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ का संदेश
अभियान के अंतर्गत नाट्य एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी गांव-गांव, स्कूलों, पंचायतों एवं सामुदायिक केंद्रों तक पहुंचाई जाएगी।
आंगन मिलन सेवा में माताओं और बच्चों की सहभागिता
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों में माताओं एवं बच्चों की सहभागिता से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान करने के साथ पोषण और स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
गांधी जयंती पर व्यापक स्वच्छता अभियान
2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर पूरे जिले में स्वच्छता अभियान, श्रमदान, सामाजिक सरोकार एवं जनजागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी, जिसमें नागरिक कम से कम 25 मिनट श्रमदान कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।
7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा
7 अक्टूबर को 25 वर्षों की सेवा यात्रा के अवसर पर पदयात्रा, साइकिल एवं बाइक रैली के माध्यम से कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। इस दौरान ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया जाएगा।
19 सितंबर को रीवा पहुंचेगी वाराणसी से वडनगर तक की ‘सेवा यात्रा’
भाजपा रीवा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यक्रमों के तहत वाराणसी से वडनगर, गुजरात तक आयोजित ‘सेवा यात्रा’ 19 सितंबर को रीवा जिले में प्रवेश करेगी। लगभग 250 बाइक और 500 यात्रियों के साथ चल रही यह यात्रा चाकघाट के रास्ते रीवा जिले में प्रवेश करेगी। जिले में यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा तथा विभिन्न स्थानों पर जनभागीदारी से कार्यक्रम आयोजित होंगे।
मंत्री का हुआ स्वागत
पत्रकार वार्ता से पूर्व भाजपा रीवा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने पार्टी कार्यालय में प्रदेश शासन के मंत्री दिलीप जायसवाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मीडिया सदस्य योगेंद्र शुक्ला, जिला महामंत्री उमा शंकर पटेल विवेक गौतम जीवनलाल साकेत शरद साहू रमाशंकर गुप्ता, अमरेश पांडे सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Created On :   14 Sept 2026 7:07 PM IST












