'मुखौटा बदलने से कैरेक्टर नहीं बदलता', यूपी कांग्रेस में हुए बदलाव पर दानिश आजाद अंसारी
लखनऊ, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस में बदलाव और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच प्रदेश के मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और विपक्षी दलों पर निशाना साधा। आराधना मिश्रा को उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर उन्होंने कहा कि केवल नेतृत्व का चेहरा बदलने से कांग्रेस पार्टी का मूल चरित्र नहीं बदलता।
दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मूल चरित्र पूरा उत्तर प्रदेश जानता है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जैसे दलों ने उत्तर प्रदेश के साथ हमेशा फरेब किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में उत्तर प्रदेश के विकास के लिए काम हो रहा है, जो कांग्रेस को पसंद नहीं आ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बार-बार झूठ और फरेब का जाल रचने की कोशिश कर रही है, लेकिन प्रदेश की जनता उसके कथित नकारात्मक एजेंडे में नहीं आएगी।
आकाश आनंद के मायावती से माफी मांगने के सवाल पर दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में राजनीतिक दलों की प्राथमिकताएं कुछ भी हों, भाजपा सरकार सर्वहित की भावना के साथ काम कर रही है।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच कथित 50-50 सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर मंत्री ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस और समाजवादी पार्टी मुस्लिम समाज को गुमराह करने की नीयत से राजनीति करेंगी। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता चुनाव में कांग्रेस को जवाब देगी।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के आगामी अयोध्या दौरे को लेकर दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि चुनाव नजदीक आने के साथ समाजवादी पार्टी अब प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में निकल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा को प्रदेश की उन्नति, समृद्धि और विकास से कोई मतलब नहीं है। अंसारी ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी के सभी एजेंडे विफल हो चुके हैं और अब चुनाव को देखते हुए पार्टी की गतिविधियां बढ़ रही हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 Oct 2026 6:49 PM IST












