सीएम योगी ने ‘काशी कोतवाल’ और बाबा विश्वनाथ के किए दर्शन
वाराणसी, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। गोरक्षपीठाधीश्वर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बाबा विश्वनाथ व ‘काशी कोतवाल’ काल भैरव का दर्शन-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने यहां से निकलकर आसपास के दुकानदारों और बच्चों से संवाद किया और उनका कुशलक्षेम जाना।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद भी दिया। मुख्यमंत्री शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे। शनिवार सुबह उन्होंने बाबा काल भैरव के दरबार में पहुंचकर माथा टेका और आरती कर श्रद्धा निवेदित की। यहां से निकलते समय सीएम योगी ने आसपास के दुकानदारों व बच्चों से बातचीत की। सभी ने प्रणाम कर अपने प्रिय मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। सीएम का आत्मीय व्यवहार देखकर सभी प्रसन्न नजर आए।
मुख्यमंत्री श्रीकाशी विश्वनाथ धाम भी पहुंचे। गर्भगृह में प्रवेश कर उन्होंने लोक मंगल की कामना के साथ बाबा विश्वनाथ का षोडशोपचार पूजन-अभिषेक किया और आरती की। मुख्यमंत्री ने यहां से प्रस्थान करते समय श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया। इस पर मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” के जयकारे लगाए।
इसके पहले शुक्रवार को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेका में विक्रमादित्य महानाट्य के शुभारंभ किया। इस मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज यह सांस्कृतिक बंधन प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और उनकी प्रेरणा से सशक्त हो रहा है। काशी सनातन परंपराओं की महत्वपूर्ण नगरी है। मां गंगा के तट पर इस महान नाट्य रूपांतरण की पहली प्रस्तुति इसलिए भी विशेष बन जाती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 12:27 PM IST












