मुंबई आम खरीदने के चक्कर में गंवा दिए 20 लाख, सीसीटीवी में कैद चोरी की वारदात

मुंबई  आम खरीदने के चक्कर में गंवा दिए 20 लाख, सीसीटीवी में कैद चोरी की वारदात
महाराष्ट्र के वाशिम जिले के कारंजा शहर में दिनदहाड़े कार का शीशा तोड़कर 20 लाख रुपए की नकदी चोरी होने की एक सनसनीखेज घटना सोमवार को सामने आई। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना सुबह करीब 11.30 बजे कारंजा बाईपास स्थित झांसी रानी चौक इलाके में हुई।

मुंबई, 18 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के वाशिम जिले के कारंजा शहर में दिनदहाड़े कार का शीशा तोड़कर 20 लाख रुपए की नकदी चोरी होने की एक सनसनीखेज घटना सोमवार को सामने आई। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना सुबह करीब 11.30 बजे कारंजा बाईपास स्थित झांसी रानी चौक इलाके में हुई।

जानकारी के मुताबिक, मानोरा निवासी व्यापारी चेतन हेडा ने एक्सिस बैंक से 20 लाख रुपए की नकदी निकाली थी। इसके बाद उन्होंने राधाकृष्ण होटल के सामने अपनी कार खड़ी की। इसी दौरान वे आम खरीदने के लिए सड़क पार कर गए। मौके का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने कार का शीशा तोड़कर नकदी से भरा बैग चंद सेकेंड में लेकर फरार हो गए।

भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस घटना से शहर में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

बता दें कि चोरी का एक इसी प्रकार का मामला बीते दिन रविवार को दिल्ली से सामने आया था, जहां दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे दंपत्ति को गिरफ्तार किया, जो बुजुर्ग यात्रियों को निशाना बनाकर उनसे पैसे चोरी करते थे। आरोपियों की पहचान पति सुरेश (25) और पत्नी रजनी उर्फ अंजली (22) के रूप में हुई है। हाल ही में दोनों आरोपियों ने ई-रिक्शा में यात्रा करके एक बुजुर्ग यात्री से एक लाख रुपए चोरी कर लिए थे।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित ने शिवाजी मार्ग मोती नगर के पास से फन सिनेमा रेड लाइट तक जाने के लिए एक ई-रिक्शा किराए पर लिया था। उसके पास एक छोटा बैग था, जिसमें एक लाख रुपए रखे हुए थे। अपने गंतव्य स्थल तक पहुंचने के बाद पीड़ित को एहसास हुआ कि उसका बैग फटा हुआ है और उसमें रखे 1 लाख रुपए गायब हैं। इसके बाद पीड़ित ने कीर्ति नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने जांच के क्रम में अपराध में संलिप्त ई-रिक्शा भी बरामद किया। अब पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया है और दोनों से पूछताछ कर मामले के संदर्भ में पूरी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने इस बात को कबूला है कि वो आमतौर पर चोरी करने के लिए बुजुर्ग यात्रियों को ही निशाना बनाते थे। पुलिस ने दोनों के पास से 90 हजार रुपए की राशि भी बरामद की है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 May 2026 7:31 PM IST

Tags

Next Story