तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री बंदी संजय के इस्तीफे की मांग खारिज की
हैदराबाद, 18 मई (आईएएनएस)। तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने सोमवार को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार के बेटे बंदी भागीरथ की पॉक्सो मामले में गिरफ्तारी को लेकर उठ रही इस्तीफे की मांगों को खारिज कर दिया।
रामचंदर राव ने कहा कि बंदी संजय ने कोई गलत काम नहीं किया है, इसलिए उनके इस्तीफे या बर्खास्तगी की मांग का कोई औचित्य नहीं बनता।
उन्होंने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) पर आरोप लगाया कि वह दुर्भावनापूर्ण प्रचार के जरिए केंद्रीय मंत्री को निशाना बना रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बीआरएस नेता झूठे प्रचार के माध्यम से एक व्यक्ति और उसके परिवार को निशाना बना रहे हैं।
उन्होंने कहा, “बंदी संजय ने कोई गलत काम नहीं किया। अगर उनके परिवार के किसी सदस्य ने कुछ गलत किया है, तो कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।”
रामचंदर राव ने आरोप लगाया कि बीआरएस राज्यभर में पोस्टर लगाकर बंदी संजय को निशाना बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। उन्होंने बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रमा राव की भी आलोचना करते हुए उन पर झूठा प्रचार करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि बीआरएस नेता पारिवारिक मुद्दे का राजनीतिक फायदा उठाते हुए बंदी संजय के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
रामचंदर राव ने सवाल किया, “जब कलवकुंतला कविता ने गलत किया था, तब केसीआर और केटीआर ने इस्तीफा क्यों नहीं दिया?” उन्होंने दिल्ली आबकारी नीति मामले में कविता की गिरफ्तारी का जिक्र किया।
उन्होंने कहा, “बीआरएस पार्टी के नैतिक मूल्य कहां हैं?” और पार्टी नेताओं पर शराब घोटाले में करोड़ों रुपये की लूट का आरोप लगाया।
भाजपा नेता ने यह भी पूछा कि बीआरएस शासन के दौरान महिलाओं के खिलाफ अपराधों में 67 प्रतिशत वृद्धि होने पर केसीआर और केटीआर ने इस्तीफा क्यों नहीं दिया। उन्होंने जुबली हिल्स रेप केस और एक महिला सरपंच द्वारा बीआरएस विधायक पर यौन उत्पीड़न के आरोपों का भी उल्लेख किया।
रामचंदर राव ने आरोप लगाया कि कालेश्वरम और ई-कार रेस मामलों में क्रमशः के चंद्रशेखर राव और केटीआर की गिरफ्तारी होनी चाहिए थी, लेकिन कांग्रेस और बीआरएस की मिलीभगत के कारण ऐसा नहीं हो रहा है।
इस बीच, रामचंदर राव ने पार्टी कार्यालय में आयोजित ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का हवाला देते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं से अनावश्यक ईंधन खपत कम करने, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और वित्तीय अनुशासन अपनाकर मजबूत आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा, “वैश्विक चुनौतियों के इस दौर में पीएम मोदी की यह अपील राष्ट्रीय हितों की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। ईंधन संरक्षण और पर्यावरण हितैषी जीवनशैली अपनाकर ‘नेशन फर्स्ट’ की जिम्मेदारी निभाएं। हमारे छोटे-छोटे प्रयास भविष्य में बड़े बदलाव का मार्ग प्रशस्त करेंगे।”
रामचंदर राव ने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री की अपील के जवाब में और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वह सोमवार के कार्यक्रम में ईवी वाहन से पहुंचे।
उन्होंने कहा कि यह स्वच्छ और हरित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो ऊर्जा संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण को भी बढ़ावा देगा।
उन्होंने लिखा, “भविष्य इलेक्ट्रिक वाहनों का है। पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता कम कर पर्यावरण अनुकूल राष्ट्र निर्माण के प्रधानमंत्री मोदी के विजन का समर्थन करें। दैनिक जीवन में ईवी अपनाकर हम सभी आत्मनिर्भर भारत और सतत विकास की दिशा में सामूहिक कदम बढ़ाएं।”
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 May 2026 7:08 PM IST












