मुंबई छोड़कर सुकून की तलाश में लोग, मिलिंद सोमन बोले- ज्यादातर लोगों को चाहिए शांत जगह

मुंबई छोड़कर सुकून की तलाश में लोग, मिलिंद सोमन बोले- ज्यादातर लोगों को चाहिए शांत जगह
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को सपनों का शहर कहा जाता रहा है। जहां पहले लोगों का सपना मुंबई में आकर बसना होता था, वहीं अब बड़ी संख्या में लोग शहर छोड़कर शांत और खुली जगहों की ओर रुख कर रहे हैं। खासकर कोविड के बाद यह बदलाव ज्यादा देखने को मिला है।

मुंबई, 24 मार्च (आईएएनएस)। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को सपनों का शहर कहा जाता रहा है। जहां पहले लोगों का सपना मुंबई में आकर बसना होता था, वहीं अब बड़ी संख्या में लोग शहर छोड़कर शांत और खुली जगहों की ओर रुख कर रहे हैं। खासकर कोविड के बाद यह बदलाव ज्यादा देखने को मिला है।

लोगों ने अपने जीवन में सेहत और पर्सनल स्पेस को ज्यादा महत्व देना शुरू किया। इसी बदलती सोच पर अभिनेता और फिटनेस आइकन मिलिंद सोमन ने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में अपनी राय रखी।

आईएएनएस से बात करते हुए मिलिंद सोमन ने कहा, ''आजकल बहुत से लोग मुंबई छोड़ना चाहते हैं क्योंकि उन्हें ज्यादा खुली और शांत जगह चाहिए। लोग अब भीड़-भाड़ से दूर जाकर ऐसी जगह रहना पसंद कर रहे हैं, जहां उन्हें गार्डन, पेड़-पौधे और सुकून भरा माहौल मिल सके। जिन लोगों के पास यह विकल्प है, वे शहर छोड़कर बाहर बसने का फैसला ले रहे हैं।''

मिलिंद ने आगे कहा, ''कई लोग अब जमीन खरीद रहे हैं और खेती की ओर भी रुख कर रहे हैं। यह सिर्फ रहने की जगह बदलने का मामला नहीं है, बल्कि एक नई लाइफस्टाइल अपनाने की कोशिश है। लोग अब भागदौड़ भरी जिंदगी से हटकर सरल और प्रकृति के करीब जीवन जीना चाहते हैं।''

अपने बयान में उन्होंने यह भी माना कि मुंबई का आकर्षण आज भी खत्म नहीं हुआ है। कुछ लोग ऐसे हैं जो इस शहर की भीड़, एनर्जी और एक्साइटमेंट को ही पसंद करते हैं और यहीं रहना चाहते हैं।

जब उनसे मुंबई के बदलते रूप के बारे में पूछा गया, तो मिलिंद ने कहा, ''मैंने इस शहर को बहुत करीब से देखा है। पहले कभी मुंबई छोटे-छोटे द्वीपों का समूह हुआ करती थी, लेकिन अब यह धीरे-धीरे एक बड़ा शहर बन गई।''

उन्होंने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए शिवाजी पार्क का भी जिक्र किया और कहा कि भले ही आसपास बहुत कुछ बदल गया हो, लेकिन इस जगह की खासियत आज भी बरकरार है।

आईएएनएस ने उनसे जब पूछा कि शहर में सबसे बड़ा बदलाव क्या है, तो इस सवाल पर मिलिंद ने ट्रैफिक को सबसे बड़ी समस्या बताया। उन्होंने कहा, ''पहले लोगों के पास कम गाड़ियां होती थीं, लेकिन अब एक-एक परिवार में कई कारें हो गई हैं, जिससे सड़कों पर भीड़ बढ़ गई है। यह विकास का एक हिस्सा है और इसे पूरी तरह रोका नहीं जा सकता, क्योंकि हर व्यक्ति बेहतर जिंदगी और सुविधाएं चाहता है।''

मिलिंद सोमन ने कहा, ''इंटरनेट और डिजिटल दुनिया ने लोगों के लिए नए रास्ते खोल दिए हैं। अब लोग दूर-दराज के इलाकों में रहकर भी अपना काम आसानी से कर सकते हैं। यही वजह है कि अब शहर में रहने की मजबूरी कम हो गई है और लोग अपनी पसंद के हिसाब से जगह चुन पा रहे हैं।''

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 March 2026 12:41 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story