बिहार अनंत सिंह चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा पर कायम, दुलारचंद हत्या मामले में खुद को बताया निर्दोष
पटना, 24 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मोकामा क्षेत्र से विधायक अनंत सिंह सोमवार की शाम जेल से रिहा हुए हैं। इस रिहाई के बाद बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने खुद को निर्दोष बताते हुए दुलारचंद यादव हत्या में फंसाने की बात कही। उन्होंने मंगलवार को चुनाव नहीं लड़ने की बात को भी दोहराई।
विधायक अनंत सिंह मंगलवार को बड़हिया के लिए रवाना हुए। उनके साथ वाहनों का काफिला है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि घटना के समय वे मौके से करीब चार किलोमीटर दूर थे। उन्होंने साफ कहा कि हम निर्दोष हैं, हमें साजिश के तहत इस मामले में फंसाया गया है।
पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान दुलारचंद यादव की हत्या हो गई थी, जिसमें अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया था। पटना उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद करीब चार महीने बाद वे जेल से रिहा हुए हैं। जेल से रिहा होने के बाद उनके समर्थकों में गजब का उत्साह है। मंगलवार को मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने एक बार फिर चुनाव नहीं लड़ने की बात कही है।
पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि क्या उनका बेटा चुनाव लड़ेगा, तो जवाब में उन्होंने कहा, "वह जनता के बीच जाएगा। जनता का काम करेगा, तो वह चुनाव लड़ेगा।" कार्यकर्ताओं में उत्साह को लेकर उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में उत्साह तो रहेगा ही। इससे पहले राज्यसभा चुनाव के लिए भी जब अनंत सिंह जेल से विधानसभा मतदान करने पहुंचे थे, तभी उन्होंने ऐलान किया था कि अब वे आगे कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा, "यह मेरा आखिरी कार्यकाल है। अब मेरे बच्चे राजनीति में आगे बढ़ेंगे।"
उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार नहीं रहेंगे, तो वे चुनाव नहीं लड़ेंगे। बिहार की राजनीति में अब चर्चा है कि अनंत सिंह के बेटे कब राजनीति में आते हैं। वैसे विधायक अनंत सिंह के चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा के बाद मोकामा में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।
--आईएएनएस
एमएनपी/एएपी
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 March 2026 12:29 PM IST












