अपराध: मुंबई क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, हथियार के साथ पांच शूटर गिरफ्तार

मुंबई क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, हथियार के साथ पांच शूटर गिरफ्तार
मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई के कॉटन ग्रीन स्टेशन के पास से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों के पास से हथियार बरामद किए गए हैं। ये सभी लोग शूटर बताए जा रहे हैं।

मुंबई, 6 अगस्त (आईएएनएस)। मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई के कॉटन ग्रीन स्टेशन के पास से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों के पास से हथियार बरामद किए गए हैं। ये सभी लोग शूटर बताए जा रहे हैं।

पुलिस की अभी तक की जांच में पता चला है कि ये सभी लोग हरियाणा से मुंबई आए थे। मुंबई क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के पास से 50 जिंदा कारतूस और 4 पिस्तौल बरामद की। अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि क्या ये लोग किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने मुंबई आए थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी नरेश कुमार, रवि अंग्रेज, राहुल पृथ्वी सिंह, अनुज कुलदीप कुमार और आदित्य योगेश कौशिक के रूप में की गई है।

खुफिया जानकारी के आधार पर मुंबई क्राइम ब्रांच ने यह कार्रवाई की। पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पता लगा रही है कि आखिर इन्हें मुंबई में हथियार किसने लेकर भेजा था और उनका क्या मकसद था?

पुलिस को शक है कि ये किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने के लिए इरादे से मुंबई आए थे, इनके पास से मिले हथियार और जिंदा कारतूस इसी बात की गवाही दे रहे हैं। पुलिस अब इन लोगों की क्राइम कुंडली का भी पता लगाने की कोशिश कर रही है और हरियाणा राज्य की पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।

मुंबई क्राइम ब्रांच ने जब इन आरोपियों को पकड़ा, तब अधिकारी ने मौके पर पूछा था, क्या तुम्हारे पास जो पिस्तौल है, उसका लाइसेंस है? तब आरोपियों ने कहा, नहीं। इस पर पुलिस ने कहा, अगर लाइसेंस नहीं है तो तुम हथियार किस काम से लाए हो? पूछने पर एक आरोपी ने बताया कि वह इसे बेचने के लिए लाया था। हालांकि, उसके बयान के बाद भी मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।

मुंबई के कालाचौकी पुलिस स्टेशन में इन सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें 8 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल, मुंबई पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों का आर्म्स डीलिंग से क्या कनेक्शन है और वे किसके लिए काम करते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 Aug 2025 10:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story