म्यांमार में आतंकी ट्रेनिंग मामले में गिरफ्तार 7 विदेशी नागरिकों पर सुनवाई 23 अक्टूबर तक टली
नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। म्यांमार में हथियारबंद समूहों को प्रशिक्षण देने और भारत की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने के आरोप में गिरफ्तार सात विदेशी नागरिकों (एक अमेरिकी नागरिक और 6 यूक्रेनी नागरिक) के खिलाफ दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान लेने के मामले में अब 23 अक्टूबर को अगली सुनवाई होगी।
दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट स्थित विशेष एनआईए अदालत में आज मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैन डाइक अमेरिका से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुआ, जबकि 6 यूक्रेनी नागरिकों ने सुनवाई में शामिल होने से छूट मांगी थी।
पिछले महीने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने अमेरिकी नागरिक मैथ्यू एरन वैन डाइक और 6 यूक्रेनी नागरिकों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। यूक्रेनी नागरिकों में कामिंस्की विक्टर, हुर्बा पेट्रो, स्लिविएक तारास, इवान सुकमानोव्स्की, स्टेफानकिव मारियान और होंचारुक मैक्सिम शामिल हैं। फिलहाल सभी आरोपी डिफॉल्ट जमानत पर हैं।
इससे पहले 24 सितंबर को हुई सुनवाई में विशेष एनआईए अदालत ने सभी सातों विदेशी नागरिकों को शर्तों के साथ अपने परिवार से मिलने के लिए विदेश जाने की इजाजत दी थी। कोर्ट ने अमेरिकी नागरिक मैथ्यू आरोन वैनडाइक और छह यूक्रेनी नागरिकों को कुछ शर्तों और जरूरी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद एक महीने के लिए अपने परिवारों से मिलने अमेरिका और यूक्रेन जाने की अनुमति दी थी और उनके पासपोर्ट भी सौंपने का निर्देश दिया था।
कोर्ट ने सभी सात विदेशी नागरिकों को डिफॉल्ट बेल दे दी थी, जिसके बाद उनके तिहाड़ जेल से रिहा होने का रास्ता साफ हो गया था। डिफॉल्ट बेल तब दी जाती है, जब जांच एजेंसी कानून में निर्धारित समय सीमा के भीतर चार्जशीट दाखिल नहीं कर पाती।
एनआईए के अनुसार, इन सभी को मार्च 2026 में गिरफ्तार किया गया था। एजेंसी का आरोप है कि ये सभी म्यांमार में एक विशेष समूह को आतंकी ट्रेनिंग दे रहे थे और भारत की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर रहे थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 Oct 2026 4:53 PM IST












