नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर बोलीं भाग्यश्री, 'यह महिलाओं के नेतृत्व की दिशा में ऐतिहासिक कदम'
मुंबई, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। देश में महिलाओं की भागीदारी और उनके अधिकारों को लेकर लंबे समय से चर्चा होती रही है। इस बीच जब नारी शक्ति वंदन अधिनियम सामने आया, तो इसे एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। यह कानून महिलाओं को बराबरी का हक देने और उन्हें नेतृत्व की मुख्यधारा में लाने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है। इसी मुद्दे पर अब फिल्म अभिनेत्री भाग्यश्री दसानी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
भाग्यश्री दसानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए इस अधिनियम का खुलकर समर्थन किया।
वीडियो में भाग्यश्री कहती दिख रही है, "यह सच में एक ऐतिहासिक पल है, और इसके लिए मैं पीएमओ को बधाई देना चाहती हूं। यह कदम एक पॉलिसी से कहीं ज्यादा है। यह देश के लोकतंत्र के भविष्य के लिए एक मजबूत संकल्प है।"
अपने बयान में भाग्यश्री ने आगे कहा, ''महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल करना बेहद जरूरी है। जब महिलाओं को डिसीजन-मेकिंग टेबल पर मौका मिलता है, तो इससे पूरे समाज में सकारात्मक बदलाव आता है। यह अधिनियम देश की हर लड़की के लिए एक नई उम्मीद लेकर आया है, क्योंकि अब वह खुद को देश के भविष्य को तय करने वाली शक्ति के रूप में देख सकती है।''
अपने वीडियो मैसेज में उन्होंने कहा, ''इस कानून से अब मां और बेटियों की आवाज सीधे देश के फैसलों में शामिल होगी। जब समाज के हर वर्ग की भागीदारी होती है, तभी सही मायनों में मजबूत देश का निर्माण होता है।''
वीडियो में आगे भाग्यश्री दसानी ने कहा, ''मुझे इस बात पर गर्व महसूस होता है कि देश का भविष्य अब महिलाओं की ताकत और उनकी समझ के साथ बनाया जा रहा है। यह कदम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मजबूत आधार तैयार करेगा, जहां लड़कियां बड़े सपने देख सकेंगी और उन्हें पूरा करने का आत्मविश्वास भी मिलेगा।''
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 April 2026 3:05 PM IST












